टीएनपी न्यूज़
होम / राज्य
राज्य

CM योगी की प्रदेशवासियों से अपील, बोले- अधिकारों के साथ कर्तव्यों को भी याद रखें

Ajit Kumar Singh · 26 नवम्बर 2026
cm yogi adityanath
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर लखनऊ के लोक भवन में संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक पाठ में हिस्सा लिया और सौंदर्यीकरण के कामों का उद्घाटन किया। इस मौके पर CM योगी ने कहा कि भारतीय संविधान हमें देश के प्रति हमारे अधिकारों और कर्तव्यों की याद दिलाता है। संविधान केवल अधिकारों का दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह नागरिकों को राष्ट्र के प्रति उनकी जिम्मेदारियों का भी एहसास कराता है।

भारत की संप्रभुता किसी व्यक्ति, परिवार या जाति विशेष में नहीं: CM योगी

इस दौरान CM योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत की संप्रभुता किसी व्यक्ति, परिवार या जाति विशेष में नहीं, बल्कि देश के आम नागरिक में निहित है। संविधान ने प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार दिए हैं और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत आधार प्रदान किया है।इस संदर्ब में मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि भारत का संविधान दुनिया के विशिष्ट संविधानों में से एक है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि प्रत्येक वयस्क भारतीय को जाति, क्षेत्र, भाषा और लिंग के भेदभाव के बिना मतदान का अधिकार दिया गया है।

हमारा संविधान हम सभी का गौरव है: CM आदित्यनाथ

इसे लेकर यूपी के CM योगी आदित्यनाथ  ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन संवैधानिक मूल्यों को अपनाकर देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि, "हमारा संविधान हम सभी का गौरव है। यह हमें हमारे अधिकारों की याद दिलाता है, हमें हमारे कर्तव्यों के बारे में जागरूक करता है, और देश के प्रति हमारी जिम्मेदारियों का एहसास कराता है।"  

ये भी पढ़ें- राजेंद्र पाल गौतम ने BJP को कहा-"गद्दार", बोले- 'संवैधानिक संस्थाओं को औजार बना दिया'