टीएनपी न्यूज़
होम / राज्य
राज्य

नियति का क्रूर खेल! योगी के जीवन में 'काल' बनी 20 तारीख, 6 साल के अंतर पर छीना मां-बाप दोनों का साया

Shivashakti Narayan Singh · 21 नवम्बर 2026
योगी के जीवन में 'काल' बनी 20 तारीख

Yogi Adityanath Mother Death: जीवन में कई बार ऐसे संयोग घटित होते हैं, जिन पर यकीन करना मुश्किल हो जाता है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ है। उनके निजी जीवन के लिए '20 तारीख' काल बनकर आई, जिसने उनसे उनके जीवन के दो सबसे अनमोल स्तंभ,माता और पिता को छीन लिया।

बीते कल यानी शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 को सीएम योगी की माता सावित्री देवी का 91 वर्ष की आयु में उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल स्थित पैतृक गांव पंचूर में निधन हो गया। हैरानी और दुख की बात यह है कि आज से ठीक 6 साल पहले, साल 2020 में भी 20 तारीख (20 अप्रैल 2020) को ही उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट ने दिल्ली के एम्स (AIIMS) में अंतिम सांस ली थी। खबर लिखे जाने तक हरिद्वार के चंडीघाट पर उनकी मां के अंतिम संस्कार की रश्में पूरे विधि- विधान से की जा रही थी।

अंतिम संस्कार की तारीख भी निकली एक

आपको बता दें कि सिर्फ निधन ही नहीं, बल्कि माता-पिता के अंतिम संस्कार की तारीख भी एक ही संयोग लेकर आई। 20 अप्रैल 2020 को पिता के निधन के बाद 21 अप्रैल को उनका अंतिम संस्कार हुआ था। ठीक उसी तरह, कल 20 नवंबर को माता के निधन के बाद आज शनिवार, 21 नवंबर को हरिद्वार के चंडी घाट पर नम आंखों के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जा रहा है। सीएम योगी ने सुबह अपने पैतृक गांव पहुंचकर मां के पार्थिव शरीर को कंधा दिया और भावुक विदाई दी।

2020 में कर्तव्य पथ पर अडिग रहे थे योगी

दोनों ही दुखद घटनाओं के समय सीएम योगी की कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल भी देखने को मिली। साल 2020 में जब 20 अप्रैल को उनके पिता का निधन हुआ था, तब देश में कोरोना महामारी और लॉकडाउन चरम पर था। प्रदेश की जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के चलते वे पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाए थे। हालांकि, इस बार वे अपनी माता की अंतिम यात्रा में शामिल होने के लिए उत्तराखंड पहुंचे।

सार्वजनिक जीवन में 20 तारीख के अन्य पहलू

जहां एक तरफ 20 तारीख ने योगी आदित्यनाथ को उनके जीवन के दो सबसे बड़े निजी गम दिए, वहीं दूसरी तरफ उनके राजनीतिक और प्रशासनिक सफर में इस तारीख से कई ऐतिहासिक पल भी जुड़े रहे। मुख्यमंत्री रहते हुए 20 जुलाई 2020 को उन्होंने अयोध्या जाकर ऐतिहासिक राम मंदिर भूमि पूजन की तैयारियों का जायजा लिया था। इसके अलावा 20 जुलाई 2024 को उनकी सरकार ने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत करोड़ों पौधे लगाने का विश्व रिकॉर्ड बनाया था। लेकिन नियति के इस खेल ने 20 तारीख को सीएम योगी के निजी जीवन की सबसे भावुक और पीड़ादायक तारीख बना दिया है।

 यह भी पढ़ें: मां के पार्थिव शरीर के सामने भावुक हुए सीएम योगी, हरिद्वार के चंडी घाट पर होगा अंतिम संस्कार