छठ पूजा के संध्या अर्घ्य के लिए पटना के गंगा घाटों पर खास इंतजाम, सीएम सम्राट चौधरी ने दी शुभकामनाएं
Chhath Puja 2026: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के तीसरे दिन रविवार को बिहार की राजधानी पटना के गंगा घाटों पर संध्या अर्घ्य को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। भगवान सूर्य को अस्ताचलगामी अवस्था में अर्घ्य देने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंच रहे हैं। घाटों पर व्रतियों की सुविधा और पूजा की व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
इस पावन अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रदेशवासियों को संध्या अर्घ्य की बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर भगवान सूर्य और छठी मैया से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में लिखा, ''लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के तीसरे अनुष्ठान संध्या अर्घ्य के पावन अवसर पर आप सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। अस्ताचलगामी सूर्यदेव और छठी मैया की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे। जय छठी मैया!''
चार दिनों तक चलता है छठ का महापर्व
छठ पूजा चार दिवसीय पर्व है, जिसकी शुरुआत नहाय-खाय से होती है। इस दिन व्रती पवित्र स्नान करने के बाद अरवा चावल, चने की दाल और लौकी की सब्जी जैसे पारंपरिक भोजन ग्रहण करते हैं। इसके साथ ही महापर्व के अनुष्ठानों की शुरुआत होती है।
दूसरे दिन खरना का विधान होता है। इस दिन व्रती सूर्योदय से सूर्यास्त तक उपवास रखते हैं। शाम को पूजा-अर्चना के बाद गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण कर व्रत खोलते हैं। इसके बाद लगभग 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत शुरू होता है।
अस्त होते सूर्य को दिया जाता है संध्या अर्घ्य
छठ पूजा के तीसरे दिन व्रती नदी, तालाब और अन्य जलाशयों में खड़े होकर अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देते हैं। इस अनुष्ठान को संध्या अर्घ्य कहा जाता है। इसके अगले दिन यानी चौथे दिन सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। इसे उषा अर्घ्य कहते हैं। इसके बाद पारण के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होता है।
भगवान सूर्य और छठी मैया को समर्पित यह पर्व शुद्धता, आस्था, तपस्या और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक माना जाता है। श्रद्धालु इस दौरान परिवार की सुख-समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना करते हैं।
और पढ़ें: यूपी के छात्रों को योगी सरकार का बड़ा तोहफा, 50 हजार टैबलेट बांटे; इंफोसिस के 18 हजार फ्री कोर्स भी मिलेंगे