CISF जवानों को बड़ी सौगात! दिल्ली के साकेत में बनेंगे आधुनिक बैरक, 288 जवानों को मिलेगा फायदा
नई दिल्ली: देश के महत्वपूर्ण संस्थानों और मेट्रो नेटवर्क की सुरक्षा में चौबीसों घंटे तैनात रहने वाले केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों के रहन-सहन को बेहतर बनाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया गया है। मंगलवार को CISF, इंडियन रेलवे फाइनेंस कॉरपोरेशन (IRFC) फाउंडेशन और NSL सर्विसेज लिमिटेड के बीच एक त्रिपक्षीय समझौता ज्ञापन (MoA) पर हस्ताक्षर किए गए।
इस समझौते के तहत दिल्ली के साकेत स्थित CISF कैंपस में जवानों के लिए आधुनिक 'प्री-फैब्रिकेटेड' (पहले से तैयार ढांचे वाले) आवास बनाए जाएंगे। करीब 1.99 करोड़ रुपये की लागत वाले इस प्रोजेक्ट को IRFC की कॉर्पोरेट सामाजिक जिम्मेदारी (CSR) पहल के तहत फंड किया जा रहा है। इसके तैयार होने के बाद यहां 288 जवानों के रहने की बेहतर व्यवस्था हो सकेगी।
प्रोजेक्ट की मुख्य बातें
आधुनिक बैरक: साकेत कैंपस में छह डबल-डेकर प्री-फैब्रिकेटेड कंटेनराइज्ड बैरक बनाए जाएंगे। हर बैरक में 48 जवानों के रहने की क्षमता होगी।
मूलभूत सुविधाएं: बैरकों के साथ-साथ जवानों की सुविधा के लिए दो अलग प्री-फैब्रिकेटेड टॉयलेट ब्लॉक भी तैयार किए जाएंगे, जिनमें बाथरूम, टॉयलेट और वॉशबेसिन की पूरी व्यवस्था होगी।
समयसीमा और निर्माण: इस प्रोजेक्ट के निर्माण की जिम्मेदारी आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय के अधीन आने वाली कंपनी NBCC (इंडिया) लिमिटेड की सहायक कंपनी NSL सर्विसेज लिमिटेड को दी गई है। समझौते के तहत इसे 12 महीनों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
जवानों की कार्यक्षमता पर पड़ेगा सकारात्मक असर
इस मौके पर डीआईजी (DMRC) संतोष कुमार सिंह ने कहा कि CISF के जवान एयरपोर्ट, मेट्रो, पावर प्लांट, बंदरगाह और अन्य संवेदनशील प्रतिष्ठानों की सुरक्षा में दिन-रात मुस्तैदी से जुटे रहते हैं। ऐसी कठिन ड्यूटी के लिए जवानों का शारीरिक और मानसिक रूप से तरोताजा रहना बेहद जरूरी है, और बेहतर आवासीय सुविधाएं इसमें अहम भूमिका निभाती हैं।
यह प्रोजेक्ट केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF), एक सरकारी उपक्रम के CSR प्लेटफॉर्म और एक इंफ्रास्ट्रक्चर एजेंसी के बीच बेहतर तालमेल की मिसाल है, जहां IRFC फाउंडेशन आर्थिक मदद दे रहा है, NSL सर्विसेज निर्माण करेगी और CISF पूरे काम की निगरानी करेगा।
और पढ़ें: CRPF चेकपोस्ट पर हमले से पहले लश्कर के आतंकियों ने की थी रेकी, CCTV में कैद हुई पूरी गतिविधि; एक आतंकी ढेर