टीएनपी न्यूज़
होम / ज़रा हट के
ज़रा हट के

एक कार से खड़ा किया लाखों का बिजनेस! चलता-फिरता Beauty Salon बना कमाई का जरिया

Geeta Sharma · 25 नवम्बर 2026
एक कार से खड़ा किया लाखों का बिजनेस!

Chinese Man Mobile Beauty Salon Business: चीन के चोंगकिंग शहर में रहने वाले एक शख्स ने कमाई का ऐसा अनोखा तरीका निकाला है, जिसकी सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है। आमतौर पर लोग कार का इस्तेमाल सफर करने के लिए करते हैं, लेकिन शियाओफेई ने अपनी कार को ही चलता-फिरता ब्यूटी पार्लर बना दिया है। वह अपनी कार में महिलाओं को आईलैश एक्सटेंशन की सुविधा देते हैं। उनका दावा है कि इस अनोखे बिजनेस से वह हर महीने करीब 50 हजार युआन यानी लगभग 6.5 लाख रुपये कमा रहे हैं।

मैकेनिक और ट्रक ड्राइवर से बने आईलैश टेक्नीशियन

करीब 30 साल के शियाओफेई हमेशा से ब्यूटी इंडस्ट्री से जुड़े नहीं थे। आईलैश एक्सटेंशन का काम शुरू करने से पहले वह बस मैकेनिक, इलेक्ट्रिक वेल्डर और ट्रक ड्राइवर के रूप में काम कर चुके हैं। करीब 3 साल पहले उन्होंने आईलैश टेक्नीशियन के तौर पर अपना करियर शुरू किया। धीरे-धीरे उन्होंने इस काम में महारत हासिल की और अपना बिजनेस खड़ा कर लिया।

कार में ही तैयार कर दिया ब्यूटी स्टूडियो

शियाओफेई के मुताबिक, कई महिला ग्राहक चाहती थीं कि वह उनके घर जाकर आईलैश एक्सटेंशन करें। हालांकि, पुरुष होने के कारण महिलाओं के घर जाकर काम करना दोनों पक्षों के लिए असहज हो सकता था। इसी परेशानी का समाधान निकालते हुए उन्होंने अपनी कार को ही ब्यूटी स्टूडियो में बदल दिया। अब ग्राहक उनकी कार में पहुंचकर आसानी से सर्विस ले सकती हैं।

एक घंटे की सर्विस के लेते हैं 6 हजार रुपये तक

रिपोर्ट के मुताबिक, शियाओफेई एक ग्राहक से 300 से 500 युआन यानी करीब 3,500 से 6,000 रुपये तक चार्ज करते हैं। एक ग्राहक की सर्विस में लगभग एक घंटा लगता है। वह सबसे पहले ग्राहक की आंखों और पलकों की तस्वीर लेते हैं। इसके बाद फोटो एडिटिंग की मदद से अलग-अलग डिजाइन दिखाते हैं। ग्राहक अपनी पसंद का डिजाइन चुनती हैं और फिर उसी के अनुसार आईलैश एक्सटेंशन लगाया जाता है।

सोशल मीडिया पर आइडिया की हो रही तारीफ

शियाओफेई का यह बिजनेस मॉडल सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है। लोग उनके हुनर और बिजनेस आइडिया की तारीफ कर रहे हैं। उनका दावा है कि इस मोबाइल ब्यूटी स्टूडियो से हर महीने करीब 50 हजार युआन की कमाई होती है। उनकी कहानी दिखाती है कि बिजनेस शुरू करने के लिए बड़ी दुकान या महंगे ऑफिस की नहीं, बल्कि हुनर, मेहनत और ग्राहकों की जरूरत समझने की जरूरत होती है।

ये भी पढे़ं: Message Seen के बाद भी सन्नाटा....कहीं कुचुपुचु आपको धोखा तो नहीं दे रहा, जाननें के लिए पढ़ें पूरी खबर