Chhath Puja 2026: 13 नवंबर से नहाय-खाय के साथ शुरू होगा छठ महापर्व, जानिए 4 दिन की पूजन विधि और नियम?
Chhath Puja 2026: लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा कल यानी 13 नवंबर से शुरू होने वाला है। कल नहाय-खाय के साथ शुरू होने वाला छठ पर्व चार दिनों तक चलता है। इस पावन पर्व में व्रती भगवान सूर्य और छठी मैया की उपासना करते हैं। इस दौरान परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की जाती है।
छठ महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय से होगी, जबकि दूसरे दिन खरना, तीसरे दिन डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य और चौथे दिन उगते सूर्य को उषा अर्घ्य दिया जाएगा। 16 नवंबर को उषा अर्घ्य के साथ इस महापर्व का समापन होगा। आइए जानते हैं छठ पूजा के चारों दिनों का पूरा कार्यक्रम, पूजन विधि, सामग्री और व्रत के खास नियम।
नहाय खाय से होगा शुरू
छठ पूजा आस्था, तपस्या और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का महापर्व है। इस पर्व में सूर्य देव और छठी मैया की उपासना की जाती है। 4 दिन तक चलने वाले इस कठिन व्रत में व्रती को खास नियमों का भी पालन करना पड़ता है। नहाय खाय से शुरू होकर खरना, संध्या अर्घ्य और ऊषा अर्घ्य चक चलने वाले इस व्रत का बेहद ही खास महत्व होता है।
इस दौरान व्रती 36 घंटे तक निर्जला उपवास करते हैं। हर साल छठ पर्व को लेकर पूर्वांचल के लोगों में अलग ही उत्साह देखने को मिलता है। इस बार छठ पर्व 13 नवंबर से 16 नवंबर तक मनाया जाएगा। तो चलिए बताते हैं आपको 4 दिवसीय व्रत की पूजा विधि और खास नियम?
यह भी पढ़ें: 12 नवंबर 2026 राशिफल: गुरुवार को इन 5 राशियों पर बरसेगी विष्णु जी की कृपा, चमकेगी किस्मत!
छठ पूजा के चार दिनों का क्या है महत्व?
छठ महापर्व में 4 दिनों तक चलने वाला त्योहार बेहद ही खास होता है। अलग-अलग धार्मिक परंपराओं का इस व्रत में पालन किया जाता है। हर दिन पूजा का अपना खास महत्व होता है। इस दौरान व्रती शुद्धता और संयम के साथ पूजा करते हैं। तीसरे दिन अस्त होते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है और चौथे दिन उगते सूर्य की उपासना के साथ व्रत पूरा होता है।
कार्तिक शुक्ल षष्ठी के दिन व्रती शाम को नदी, तालाब या अन्य जलाशयों के किनारे पहुंचते हैं। वहां बांस के सूप में फल, ठेकुआ, नारियल, ईख और अन्य पूजन सामग्री सजाकर सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया जाता है। इसके अगले दिन यानी कार्तिक शुक्ल सप्तमी की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है. इसके बाद व्रती पारण करके अपना निर्जला उपवास खोलते हैं।
छठ पूजा 2026 के 4 दिन खास
दिन तारीख पर्व और अनुष्ठान
पहला दिन 13 नवंबर, शुक्रवार नहाय-खाय
दूसरा दिन 14 नवंबर, शनिवार खरना
तीसरा दिन 15 नवंबर, रविवार संध्या अर्घ्य
चौथा दिन 16 नवंबर, सोमवार उषा अर्घ्य और पारण
छठ पूजा की पूजन विधि
1. नहाय-खाय (13 नवंबर): इस दिन व्रती स्नान करके घर की साफ-सफाई करते हैं। पहले दिन व्रती स्नान करके साफ-सुथरे कपड़े पहनते हैं। घर और रसोई की विशेष साफ-सफाई की जाती है। इसके बाद सात्विक भोजन ग्रहण किया जाता है। आमतौर पर लौकी की सब्जी, चने की दाल और चावल बनाए जाते हैं।
2. खरना (14 नवंबर): दूसरे दिन व्रती दिनभर उपवास रखते हैं। शाम को पूजा के बाद गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण किया जाता है। सूर्य देव की पूजा के बाद व्रती प्रसाद ग्रहण करते हैं। इसके बाद लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होता है।
3. संध्या अर्घ्य (15 नवंबर): तीसरे दिन नदी, तालाब या घाट पर जाकर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। बांस के सूप और दउरा में फल, ठेकुआ, गन्ना, नारियल और अन्य प्रसाद सजाए जाते हैं।
4. उषा अर्घ्य (16 नवंबर): अंतिम दिन सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। इसके बाद छठी मैया की पूजा और आरती की जाती है। फिर व्रती पारण करके अपना व्रत पूरा करते हैं।
छठ पूजा के जरूरी नियम
पूजा में साफ-सफाई और पवित्रता का विशेष ध्यान रखें।
प्रसाद तैयार करते समय स्वच्छता बनाए रखें।
पारंपरिक रूप से सात्विक भोजन ग्रहण करें।
पूजा में बांस के सूप और दउरा का इस्तेमाल किया जाता है।
व्रत के दौरान परिवार के सदस्य भी पूजा की शुद्धता का ध्यान रखें।
व्रत और पारण अपनी क्षमता, स्वास्थ्य और पारिवारिक परंपरा के अनुसार करें।
छठ पूजा की सामग्री
बांस का सूप और दउरा
ठेकुआ और चावल के लड्डू
केला, नारियल और गन्ना
मौसमी फल और सिंघाड़ा
दीपक, घी और अगरबत्ती
दूध और जल
अदरक, हल्दी और अन्य पारंपरिक पूजन सामग्री
छठ पूजा का धार्मिक महत्व
छठ पर्व भगवान सूर्य की उपासना का महापर्व है। इसमें डूबते और उगते दोनों सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। यह पर्व प्रकृति, जल और सूर्य के प्रति आभार व्यक्त करने का प्रतीक भी माना जाता है। बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश समेत देश के कई हिस्सों में इसे विशेष श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है।
यह भी पढ़ें: 12 नवंबर 2026 पंचांग: गुरुवार को तृतीया तिथि का संयोग, जानें शुभ मुहूर्त, राहुकाल और पूजा का समय