टीएनपी न्यूज़
होम / राज्य
राज्य

हिमाचल के चंबा में बस हादसे से मचा हड़कंप, 7 की मौत और 11 घायल

Rajeev Singh · 8 अगस्त 2026
Chamba bus accident

Chamba bus accident: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बैरागढ़ से चंबा की ओर जा रही शर्मा कोच की एक निजी बस चालूंज मोड़ के पास अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गिर गई। इस हादसे में बस चालक और कंडक्टर समेत 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

सुबह 7:15 बजे हुआ हादसा
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, हादसा तीसा थाना क्षेत्र के तहत सुबह करीब 7:15 बजे हुआ। बस सड़क से पलटकर नीचे दूसरी सड़क पर जा गिरी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एनडीआरएफ, होमगार्ड, अग्निशमन और राजस्व विभाग की टीमें राहत एवं बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों की मदद से फंसे हुए यात्रियों को बाहर निकाला गया।

6 घायल चंबा मेडिकल कॉलेज रेफर
हादसे में घायल सभी 11 लोगों को तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से 6 गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, चंबा रेफर कर दिया गया है। पुलिस प्रशासन द्वारा मृतकों की पहचान करने की प्रक्रिया जारी है।

हादसे के कारणों की जांच शुरू
चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और राहत कार्य शुरू कराया। दुर्घटना के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Chamba bus accident : हिमाचल के चंबा में दर्दनाक बस हादसा, 7 की मौत #Chamba #HimachalPradesh #BusAccident #ChambaNews #tnpnews pic.twitter.com/Qnfs6Veb8y

— TNP NEWS (@TNPNEWS1) August 8, 2026

दो सप्ताह में दूसरा बड़ा हादसा, मानसून में बढ़ा खतरा
राज्य में पिछले 15 दिनों के भीतर यह दूसरा बड़ा सड़क हादसा है। इससे पहले 24 जुलाई को लाहौल-स्पीति के कढ़ूनाला-राहौली में चट्टान गिरने से एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें 13 लोगों की जान चली गई थी।

हिमाचल में 30 जून को मानसून के प्रवेश के बाद से अब तक सड़क हादसों में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 85 हो गई है, जबकि बारिश और प्राकृतिक आपदाओं से जुड़ी घटनाओं में अब तक कुल 150 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। मौसम विभाग द्वारा 13 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किए जाने के कारण प्रशासन ने लोगों को अनावश्यक यात्रा न करने और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की हिदायत दी है। 

 और पढे़ं: 

दिल तो आखिर दिल है! 50 साल की आंटी को 22 साल के लड़के से हुआ प्यार, 28 साल छोटा दूल्हा पाकर बोलीं- यही है सच्चा इश्क 

Written by Shailesh Yadav