टीएनपी न्यूज़
होम / खेल
खेल

पहले वनडे मैच में नहीं खेलेंगे कप्तान! इस वजह से नहीं होगी प्लेइंग-11 में एंट्री

Aman sharma · 23 सितम्बर 2026
पहले वनडे मैच से बाहर हो सकते हैं कप्तान, इस वजह से नहीं खेलेंगे मुकाबला

Australia vs South Africa: साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जाने वाली तीन मैच की वनडे सीरीज के पहले मैच में कप्तान पैट कमिंस उपलब्ध नहीं होंगे।

हालांकि, इसको लेकर टीम प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि कमिंस दक्षिण अफ्रीका देरी से पहुंचे हैं और ऐसे में टीम मैनेजमेंट उनको पहले मैच में आराम दे सकता है।

यह फैसला आगामी टेस्ट सीरीज को देखते हुए लिया जा सकता है, क्योंकि इस समय कंगारुओं का लक्ष्य वनडे सीरीज से ज्यादा टेस्ट सीरीज में जीत दर्ज करने की होगी।

जिम्बाब्वे दौरे से रहे थे बाहर

आगामी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट मैचों की तैयारी के चलते कमिंस और स्टार्क दोनों जिम्बाब्वे के वनडे दौरे के लिए शामिल नहीं किया गया था। डरबन, जोहान्सबर्ग और पोटचेफस्ट्रूम में होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज ऑस्ट्रेलिया के लिए विश्व कप 2027 से पहले एक महत्वपूर्ण अभ्यास साबित होगी।

हालांकि, इसके बाद ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच टेस्ट मैच खेले जाएंगे, जो आगामी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के लिए काफी महत्वपूर्ण है। दोनों टीमों की नजर इस सीरीज में जीत दर्ज करके फाइनल की ओर मजबूत कदम बढ़ाने पर होगी।

सिर्फ एक मैच खेल सकते हैं कमिंस

साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में पैट कमिंस केवल एक मैच के लिए उपलब्ध हो सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कमिंस को पहले और तीसरे मैच में आराम दिया जा सकता है तो केवल दूसरे मैच में वह मैदान पर उतर सकते हैं।

प्रबंधन योजना के तहत जोश हेजलवुड ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की श्रृंखला में सिर्फ एक मैच खेला था और यह संभव है कि वह और स्टार्क दक्षिण अफ्रीका में पहले और तीसरे वनडे में खेल सकते हैं। ऑस्ट्रेलिया अपने टेस्ट तेज गेंदबाजों को लगातार मैचों में खिलाने से बचना चाहता है, ताकि वह टेस्ट सीरीज के लिए तरोताजा रहें। 

ऑस्ट्रेलिया के पास तेज गेंदबाजों की कमी!

दक्षिण अफ्रीका में ऑस्ट्रेलिया के पास केवल एक ही बैकअप तेज गेंदबाज है, जेवियर बार्टलेट, जिन्होंने जिम्बाब्वे में खेले गए तीन वनडे मैचों में से दो में भाग लिया था।

बिली स्टैनलेक चोट के कारण दौरे से बाहर हो गए हैं, जबकि स्पेंसर जॉनसन को भी अक्टूबर की शुरुआत में भारत में ऑस्ट्रेलिया ए के लिए खेले जाने वाले तीन 50 ओवर के मैचों से पहले आराम करने के लिए घर भेज दिया गया है।

हालांकि, ऑलराउंडर जैक एडवर्ड्स को अतिरिक्त कवर के तौर पर टीम में शामिल किया गया है , जिसका एक कारण कैमरन ग्रीन हैं, जो कंधे की चोट के कारण जिम्बाब्वे में खेले गए तीनों वनडे मैचों से बाहर रहे हैं।

ये भी पढ़ें- 24 सितंबर को एक साथ आएगी रोहित-विराट की जोड़ी, बाकी खिलाड़ी भी इस दिन तक हो सकते हैं इकट्ठा