टीएनपी न्यूज़
होम / ऑटो
ऑटो

Dhanteras पर खरीद रहे हैं नई गाड़ी? नोट कर लें शुभ मुहूर्त और शहर के अनुसार राहुकाल

Toshi Shah · 5 नवम्बर 2026
Dhanteras 2026

धनतेरस का दिन हिंदू धर्म में काफी खास माना जाता है। इस दिन सोना-चांदी, बर्तन, गहने और नई गाड़ी खरीदना शुभ माना जाता है। मान्यता है कि धनतेरस पर घर में नई चीज लाने से सुख-समृद्धि और खुशहाली आती है। यही वजह है कि इस दिन बाजारों और वाहन शोरूम में काफी रौनक देखने को मिलती है।

साल 2026 में धनतेरस का त्योहार 6 नवंबर को मनाया जाएगा। इस दिन माता लक्ष्मी, भगवान गणेश, भगवान धन्वंतरि और कुबेर देव की पूजा की जाती है। अगर आप भी इस धनतेरस पर नई कार या बाइक खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो खरीदारी के लिए शुभ समय का ध्यान रखना जरूरी है। आइए जानते हैं वाहन खरीदने के शुभ मुहूर्त और अलग-अलग शहरों में राहुकाल का समय।

धनतेरस 2026 पर वाहन खरीदने के शुभ मुहूर्त

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, धनतेरस पर शुभ चौघड़िया में नई गाड़ी खरीदना अच्छा माना जाता है। 6 नवंबर को वाहन खरीदने के लिए ये समय बताए गए हैं:

सुबह के शुभ मुहूर्त

सुबह 7:54 बजे से 9:17 बजे तक – लाभ चौघड़िया।
सुबह 9:16 बजे से 10:38 बजे तक – अमृत चौघड़िया।

दोपहर के शुभ मुहूर्त

दोपहर 12:00 बजे से 12:45 बजे तक – अभिजीत मुहूर्त।
दोपहर 4:11 बजे से शाम 5:33 बजे तक – चर चौघड़िया।

शाम और रात के शुभ मुहूर्त

शाम 6:03 बजे से 7:19 बजे तक – शुभ समय।
रात 8:49 बजे से 10:27 बजे तक – लाभ चौघड़िया।

धनतेरस 2026: अलग-अलग शहरों में राहुकाल का समय

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, राहुकाल में कोई भी नया या शुभ काम शुरू करने से बचना चाहिए। अगर आप धनतेरस पर गाड़ी खरीदने जा रहे हैं, तो अपने शहर के राहुकाल का समय जरूर देख लें।

दिल्ली: सुबह 10:43 बजे से दोपहर 12:05 बजे तक।
मुंबई: सुबह 10:57 बजे से दोपहर 12:22 बजे तक।
चंडीगढ़: सुबह 10:45 बजे से दोपहर 12:06 बजे तक।
लखनऊ: सुबह 10:27 बजे से 11:50 बजे तक।
भोपाल:सुबह 10:40 बजे से दोपहर 12:04 बजे तक।
कोलकाता: सुबह 9:56 बजे से 11:20 बजे तक।
अहमदाबाद: सुबह 10:59 बजे से दोपहर 12:23 बजे तक।
चेन्नई: सुबह 10:25 बजे से 11:52 बजे तक।

ये भी पढ़ें-TVS Norton की नई 450cc बाइक से उठा पर्दा, फ्यूचरिस्टिक डिजाइन के साथ 2027 में होगी लॉन्च

धनतेरस पर नई गाड़ी खरीदने के बाद कैसे करें पूजा?

अगर आप धनतेरस के दिन नई कार या बाइक घर ला रहे हैं, तो खरीदारी के बाद उसकी पूजा करने की भी परंपरा है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, नई गाड़ी की पूजा करने से सुख-समृद्धि बनी रहती है और यात्रा मंगलमय होती है। गाड़ी की पूजा करने के लिए सबसे पहले उसके आगे या किसी उचित स्थान पर लाल चंदन से स्वास्तिक बनाएं। इसके बाद वाहन पर अक्षत यानी साबुत चावल छिड़कें। स्वास्तिक पर मौली या कलावा लगाएं और फिर गाड़ी की आरती करें।

पूजा के बाद नारियल फोड़ने की परंपरा भी निभाई जाती है। इसके बाद वाहन पर कलावा बांध सकते हैं। मान्यता के अनुसार, इस दिन शनि देव के मंत्रों का जाप करना भी शुभ होता है। ऐसा इसलिए क्योंकि वाहन बनाने में लोहे का इस्तेमाल होता है और लोहे को शनिदेव से संबंधित धातु माना जाता है।

इस तरह पूरे विधि-विधान से नई गाड़ी की पूजा करके आप धनतेरस का त्योहार मना सकते हैं। हालांकि, वाहन चलाते समय हमेशा यातायात के नियमों का पालन करें और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखें।

(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसकी कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है।)