पंजाब बॉर्डर पर घुसपैठ की कोशिश नाकाम, BSF ने 2 घुसपैठियों को किया ढेर
PUNJAB NEWS: देश में बॉर्डर पर घुसपैठियों के नापाक मंसूबों को एक बार फिर BSF के जवानों ने मिट्टी में मिला दिया है। पंजाब के तरनतारन सेक्टर में भारत-पाकिस्तान सीमा पर 2 पाकिस्तानी घुसपैठियों की कोशिश को विशेष ऑपरेशन के जरिए नाकाम कर दिया है। BSF द्वारा चलाए गए इस पूरे ऑपरेशन के दौरान पंजाब बॉर्डर पर कार्रवाई कर 2 घुसपैठियों को ढेर कर दिया है। खास ऑपरेशन के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने बॉर्डर पर सुरक्षा बल की संख्या में भी इजाफा कर दिया है।
BSF जवानों ने घुसपैठियों को पहले चेतावनी दी
भारतीय सीमा पर पंजाब के तरन तारन सेक्टर के राजोके BOP इलाके में आज BSF के जवानों ने घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया है। दरअसल पाकिस्तान की तरफ से कुछ लोग आज भारतीय सीमा में प्रवेश कर रहे थे। BSF जवानों ने घुसपैठियों को पहले चेतावनी दी। लेकिन इसके बावजूद भी वह लगातार भारत की सीमा में प्रवेश करने लगे। इसके बाद सुरक्षा बलों ने तुरंत कार्रवाई करेत हुए 2 घुसपैठियों को वहीं मार गिराया।
सुरक्षा के लिहाज से BSF ने की थी फायरिंग
यह पूरी कार्रवाई BOP राजोके क्षेत्र में रात तकरीबन 12.30 बजे हुई थी। BSF के अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक पाकिस्तान की सीमा से चट्टानवाले क्षेत्र में 3 लोग भारतीय सीमा की तरफ घुसपैठ कर रहे थे। पहले उन्हें चुनौती देते हुए बीएसएफ जवानों ने वापस लौटने की बात कही। लेकिन वह फिर भी आगे बढ़ते रहे। सुरक्षा के मद्देनजर बीएसएफ जवानों ने घुसपैठियों पर फायरिंग की। जिसमें 2 घुसपैठिए गोलीबारी में ढेर हो गए।
पहले भी हुई थी घुसपैठ
इस पूरे मामले में एक बात तो साफ है कि पाकिस्तान के पंजाब सेक्टर में भारत-पाकिस्तान सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता के बावजूद भी लगातार घुसपैठ की नापाक कोशिश की गई। पाकिस्तान बॉर्डर से लगातार भारत की सीमा में घुसपैठ के मामलों को रोकने के लिए बीएसएफ जवानों की अधिक टुकड़ी को तैनात किया गया है।
बीएसएफ में सुरक्षा के लिहाज से मौजूदा जवानों ने थर्मल इमेजिंग और दूरबीनों से संदिग्धों की गतिविधि को पहले से ही ट्रैक कर लिया था। लेकिन तब तक वह भारतीय सीमा में प्रवेश कर चुके थे। इसके बाद ही जवानों ने यह कार्रवाई की।
क्या बोले अधिकारी
अधिकारियों ने जानकारी देते हुए कहा कि मारे गए घुसपैठियों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पंजाब पुलिस और बीएसएफ के साथ मिलकर आगे की कार्यवाही की जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए पुलिस को सौंप दिया गया है। अधिकारियों ने घुसपैठ के प्रयास से संबंधित परिस्थितियों का पता लगाने के लिए आगे की जांच की जा जारी है। अधिकारियों ने बताया कि इस घटना के संबंध में बीएसएफ और पाकिस्तान रेंजर्स के बीच जल्द ही एक बैठक आयोजित कर जानकारी साझा की जाएगी।
यह भी पढ़ें: Explainer: इस शहर में कमाई का 53% हिस्सा जाता है किराए में, सैलरी आते ही कैसे बिगड़ जाता है सिस्टम?