राज्य
राहुल गांधी के हैदराबाद दौरे पर BRS का अनोखा विरोध, रैप सॉन्ग से कांग्रेस को याद दिलाए अधूरे वादे
Ajit Kumar Singh · 13 नवम्बर 2026
Rahul Gandhi
हैदराबाद: तेलंगाना की राजनीति में राहुल गांधी के 14 नवंबर के हैदराबाद दौरे से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। तेलंगाना के लोगों से किए गए अधूरे वादों को लेकरभारत राष्ट्र समिति (BRS) ने कांग्रेस पार्टी को घेरने के लिए एक रैप सॉन्ग जारी किया है। इस गाने के जरिए BRS ने कांग्रेस पर चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा नहीं करने का आरोप लगाया है।
महिलाओं को 2,500 रुपये महीने की मदद, 4,000 रुपये पेंशन पर BRS ने उठाए सवाल
दरअसल, हैदराबाद में राहुल गांधी के स्वागत की थीम पर बने इस गाने के ज़रिए, BRS ने कांग्रेस पार्टी की छह गारंटी और उसके मुख्य चुनावी वादों पर सवाल उठाए हैं। रैप में खास तौर पर 100 दिनों के अंदर छह गारंटी लागू करने, महिलाओं के लिए 2,500 रुपये महीने की मदद, 4,000 रुपये पेंशन और विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस द्वारा किए गए दूसरे वादों पर ज़ोर दिया गया है। इस संदर्भ में भारत राष्ट्र समिति BRS ने कांग्रेस पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि राहुल गांधी सिर्फ़ एड्रेस करने के लिए नहीं, जवाब देने के लिए तैयार होकर आइए।
महिलाओं, किसानों, युवाओं और बेरोजगारों से किए वादे पूरे नहीं किए: BRS
BRS ने रैप सॉन्ग के माध्यम से कांग्रेस सरकार से सवाल किया है कि जनता से किए गए वादों का अब तक क्या हुआ? पार्टी ने राहुल गांधी के हैदराबाद दौरे से पहले इस गाने को जारी कर कांग्रेस की गारंटियों और सरकार के कामकाज को राजनीतिक बहस के केंद्र में लाने की कोशिश की है। BRS का आरोप है कि कांग्रेस ने चुनाव के दौरान महिलाओं, किसानों, युवाओं और बेरोजगारों से कई बड़े वादे किए थे, लेकिन उन पर अपेक्षित अमल नहीं हुआ। हालांकि, ये आरोप विपक्षी पार्टी के राजनीतिक दावे हैं। कांग्रेस सरकार की ओर से इन आरोपों पर जवाब और अपनी योजनाओं के क्रियान्वयन का पक्ष भी महत्वपूर्ण है।
ये भी पढ़ें-महिला आरक्षण पर UBT सेना ने केंद्र को घेरा, अनिल देसाई ने उठाए सवाल