टीएनपी न्यूज़
होम / देश
देश

BRICS नेताओं ने फ़ैमिली फ़ोटो खिंचवाई,पेड़ लगाने में भी हुए शामिल

Geeta Sharma · 12 सितम्बर 2026
BRICS नेताओं ने फ़ैमिली फ़ोटो खिंचवाई ( ANI Photo )

BRICS Summit 2026: नई दिल्ली में आयोजित 18वें BRICS समिट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और BRICS देशों के नेताओं ने नई दिल्ली डिक्लेरेशन 2026 को अपनाने के बाद फैमिली फोटो खिंचवाई। भारत मंडपम में आयोजित इस कार्यक्रम में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और समूह के अन्य प्रमुख नेता शामिल हुए। 

समिट के दौरान नेताओं ने भारत मंडपम परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और वैश्विक सहयोग के प्रति साझा प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया।

पश्चिम एशिया के हालात पर जताई गहरी चिंता

BRICS देशों द्वारा अपनाई गई नई दिल्ली डिक्लेरेशन में पश्चिम एशिया में लगातार बढ़ते तनाव पर गहरी चिंता व्यक्त की गई। सदस्य देशों ने सभी पक्षों से अधिकतम संयम बरतने और ऐसे कदमों से बचने की अपील की, जो क्षेत्रीय स्थिति को और गंभीर बना सकते हैं।

घोषणा में संयुक्त राष्ट्र चार्टर के उद्देश्यों और सिद्धांतों के अनुरूप आम नागरिकों और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। इसमें देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के सम्मान की बात भी कही गई।

BRICS नेताओं ने बातचीत और कूटनीति के माध्यम से दीर्घकालिक समाधान की दिशा में प्रयास तेज करने का समर्थन किया। साथ ही वैश्विक व्यापार, सप्लाई चेन और ऊर्जा के निर्बाध प्रवाह को बनाए रखने के लिए अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप सहयोग की जरूरत पर जोर दिया गया।

UN Security Council में सुधार का समर्थन

डिक्लेरेशन में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार की जरूरत को भी प्रमुखता दी गई। BRICS देशों ने कहा कि UNSC में सुधार से ग्लोबल साउथ की आवाज को अधिक प्रभावी प्रतिनिधित्व मिल सकेगा।

चीन और रूस ने सुरक्षा परिषद के स्थायी सदस्य के तौर पर भारत और ब्राजील की संयुक्त राष्ट्र में बड़ी भूमिका निभाने की आकांक्षाओं के प्रति अपना समर्थन दोहराया।

गाजा में सीजफायर और मानवीय सहायता की अपील

BRICS ने संबंधित UNGA और UNSC प्रस्तावों को लागू करने की अपील करते हुए गाजा पट्टी में सीजफायर बनाए रखने और मानवीय सहायता की पूरी और बिना किसी बाधा के पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

ये भी पढ़ें:  'केंद्र कर रहा है भेदभाव...', बाढ़ संकट पर तेजस्वी यादव का केंद्र पर बड़ा हमला

वैश्विक शांति और सहयोग पर जोर

संयुक्त घोषणा में मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में बढ़ते ध्रुवीकरण और अविश्वास पर भी चिंता जताई गई। BRICS नेताओं ने अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा को मजबूत करने के लिए सामूहिक वैश्विक कार्रवाई को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता दोहराई।

भारत की ओर से आयोजित BRICS Plus और Outreach संवाद सत्र की भी सराहना की गई। इसे अंतरराष्ट्रीय सहयोग और एकजुटता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया।