टीएनपी न्यूज़
होम / देश
देश

6 साल बाद BJP और अकाली दल फिर साथ-साथ, अमित शाह और Nitin Nabin ने क्या कुछ कहा जानें?

MADHVI TANWAR · 24 नवम्बर 2026
गृह मंत्री अमित शाह ने क्या कुछ कहा जानें

पंजाब में एक बार फिर BJP और अकाली दल एक साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे। BJP और अकाली दल 6 साल बाद फिर साथ आ रहे हैं। दोनों दलों के बीच गठबंधन फाइनल हो गया है। दोनों पार्टियां 1997, 2002 और 2007 में तीन बार पंजाब में सरकार बना चुकी हैं। दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह ने बड़ा ऐलान किया। BJP और अकाली दल ने आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव साथ लड़ने का फैसला किया है। इसके साथ ही अकाली दल NDA का हिस्सा बन गया है।

NDA के सबसे पुराने सहयोगियों में शामिल है अकाली दल

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने BJP और शिरोमणि अकाली दल के गठबंधन की औपचारिक घोषणा कर दी। इसके साथ ही SAD की NDA में वापसी हो गई है। अमित शाह ने कहा कि गुरु पर्व के पावन अवसर पर NDA के सबसे पुराने सहयोगियों में से एक अकाली दल का फिर से गठबंधन में लौटना खुशी की बात है। उन्होंने इसे हिंदू-सिख भाईचारे का प्रतीक बताते हुए पंजाब को नशामुक्त बनाने का संकल्प भी दोहराया।

सितंबर 2020 में कृषि कानूनों के मुद्दे पर अलग हुए दोनों दल अब 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव में साथ उतरेंगे। करीब 6 साल बाद होने जा रहे इस गठजोड़ से पंजाब की सियासत में नया समीकरण बनने की उम्मीद है। सीट शेयरिंग और चुनावी रणनीति को लेकर दोनों दलों के बीच क्या बातचीत हुई इसे लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है। शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल दिल्ली में भाजपा मुख्यालय पहुंचे।

अमित शाह ने सुखबीर सिंह बादल का किया सम्मान

2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए गठबंधन की घोषणा से पहले नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और अन्य नेताओं ने शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल का सम्मान किया।

अमित शाह ने किया संबोधित

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, सभी को गुरु पर्व की बधाई। हमारे राष्ट्रीय साहब के नेतृत्व में आज अभी-अभी एक बैठक हुई है और उसमें अकाली दल और भाजपा के प्रमुख नेताओं ने बैठकर एक फैसला लिया है कि अगला पंजाब विधानसभा का चुनाव भाजपा और अकाली दल दोनों मिलकर लड़ेंगे और आज से अकाली दल NDA के साथी के रूप में राजनीति में काम करेंगे।

आप सरकार को अमित शाह ने घेरा

वहीं अमित शाह ने यह भी कहा कि भाजपा और अकाली दल और NDA जो लड़ेगा, पंजाब में कई प्रमुख चीजों की घोषणापत्र का हम ऐलान करेंगे। लेकिन एक चीज मैं बहुत स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि पंजाब से नशा, भ्रष्टाचार का उन्मूलन हमारा प्रमुख लक्ष्य होगा और पंजाब में राष्ट्रवादी शक्तियों को मजबूत करना हमारा प्रमुख लक्ष्य होगा। अभी वहीं की जो सरकार है, अरविंद केजरीवाल यह वादा करके आए थे कि 3 महीने में वो नशे को खत्म कर देंगे। वहां नशा खत्म नहीं हुआ बल्कि बढ़ा।

31 दिसंबर तक नशा मुक्त करेंगे पंजाब

2017 में राहुल गांधी यह वादा करके आए थे कि इस कार्यकाल में हम नशे को खत्म कर देंगे मगर उनकी पार्टी ने भी नशे के लिए कुछ नहीं किया। एक वादा जो वहां मैं करके आया हूं, उसे दोहराना चाहता हूं कि 31 दिसंबर 2029 तक हम पंजाब को पूरी तरह से नशे से मुक्त कर देंगे। किसानों की समस्या, पंजाब की आर्थिक विकास की चिंता और पंजाब के युवा की रोजगार की चिंता, इसके बारे में नितिन नवीन और सुखबीर सिंह बादल के बीच 3 महीने तक लंबी चर्चा होने के बाद एक रोडमैप बना है और इस रोडमैप पर हमारी NDA की बनने वाली सरकार आगे बढ़ेगी।

हिंदू-सिख भाईचारे को पंजाब की जनता देगी आशीर्वाद

AAP पार्टी की सरकार चल रही है, वो एक तरह से वादा खिलाफी वाली सरकार है। इन्होंने अपना कोई वादा पूरा नहीं किया है और पंजाब की जनता तय करके बैठी है कि जिन्होंने गुरुओं का अपमान किया है, वो सरकार और वो व्यक्ति, दोनों को हम सहन नहीं करेंगे। आज जब भाजपा और अकाली दल साथ में आ रहे हैं तो मुझे विश्वास है कि पंजाब की जनता का यह फैसला और मजबूत होगा और परिवर्तन होगा।

मुझे भरोसा है कि पंजाब की जनता, मोदी जी के नेतृत्व में NDA को भारी बहुमत देगी, पंजाब को नशा मुक्त बनाने का जो दोनों पार्टियों का फैसला है, उसको आशीर्वाद देगी। पंजाब के किसानों की समस्या को समाप्त करने का हमारा जो संकल्प है, उसे पंजाब की जनता का साथ मिलेगा और हिंदू-सिख भाईचारे को भी पंजाब की जनता का आशीर्वाद मिलेगा।

क्या कुछ बोले नितीन नवीन

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गठबंधन के बाद सबोंधित करते हुए कई अहम बाते कही। उन्होंने कहा, आज कार्तिक पूर्णिमा भी है और गुरु पर्व की भी आपको बहुत-बहुत बधाई देता हूं। आज बहुत पावन दिन है और आज पंजाब हित में बहुत बड़ा निर्णय हो रहा है। मैं सुखबीर सिंह बादल जी को और उनके पार्टी के सदस्यों को बहुत-बहुत शुमकामनाएं देता हूं कि आपका NDA गठबंधन में शामिल होना हम सबकी ताकत को बढ़ाएगा।

रोजगार और महिलाओं को मिलेगी सुरक्षा

जिस प्रकार से पीएम मोदी लगातार सिख समाज के लिए पंजाब के विकास के लिए जो अपना योगदान दिया है। तो मुझे पूरी उम्मीद है कि NDA गठबंधन हम लोग साथ में आ रहे हैं। हम पंजाब के उस संकल्प को जिसमें हमारी सरकार ने पीएम मोदी के नेतृत्व में नशा मुक्त पंजाब बनाने का जो संकल्प लिया है।

पंजाब के युवाओं को रोजगार, महिलाओं को सुरक्षा और विकास मुक्त सरकार जो विकास के साथ-साथ हर आम आदमी की चिंता करें। ऐसी सरकार बनाने का हम संकल्प लेंगे। हम पंजाब को फिर से विकसित पंजाब की दिशा में आगे बढ़ेंगे और विकसित भारत बनाने के सपने में पंजाब का योगदान अमूल्य होगा।

हम पूरी ताकत से लड़ेंगे

भाजपा और SAD के बीच पंजाब चुनाव में सीट बंटवारे को लेकर नितिन नवीन ने बयान दिया। उन्होंने कहा जब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने घोषणा की कि हमारे बड़े की भूमिका में रहेंगे और जब मैंने कहा कि स्वाभाविक गठबंधन है। तो सीटों के आंकड़े 117 रहेंगे और हम पूरी ताकत के साथ लड़ेंगे। आंकड़ों का गणित चीजों को देखकर किया जाता है और वो समय पर हम लोग करेंगे।

2020 में क्यों टूटा था गठबंधन?

बीजेपी और अकाली दल का गठबंधन सितंबर 2020 में केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों को लेकर टूट गया था। अकाली दल ने इन कानूनों का विरोध करते हुए एनडीए से नाता तोड़ लिया था। उस समय हरसिमरत कौर बादल ने केंद्रीय मंत्रिमंडल से भी इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद दोनों पार्टियों ने 2022 का पंजाब विधानसभा चुनाव अलग-अलग लड़ा था।

2027 के चुनाव पर रहेंगी सबकी नजरें

पंजाब विधानसभा में कुल 117 सीटें हैं। 2022 के चुनाव में बीजेपी को सिर्फ 2 सीटें मिली थीं, जबकि अकाली दल ने 3 सीटों पर जीत दर्ज की थी। अब दोनों दलों के फिर साथ आने से 2027 के विधानसभा चुनाव में मुकाबला दिलचस्प होने की संभावना है। फिलहाल दोनों पार्टियों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत महत्वपूर्ण रहेगी।

यह भी पढ़ें: दिलजीत दोसांझ के बेंगलुरु कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, पत्र में 'खालिस्तान जिंदाबाद' का नारा