टीएनपी न्यूज़
होम / देश
देश

‘बाजार में नहीं है पानी….’  Bisleri पर FSSAI की कार्रवाई के बाद कंपनी ने कही ये बात 

Shailesh Yadav · 24 नवम्बर 2026
Bisleri पर FSSAI की कार्रवाई के बाद कंपनी ने कही ये बात 

नई दिल्ली: पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर बनाने वाली कंपनी बिसलेरी इन दिनों अपने उत्पाद की गुणवत्ता को लेकर विवादों में  घिरी हुई है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI)  की लैब रिपोर्ट में पानी के एक सैंपल में निर्धारित सीमा से अधिक ब्रोमेट पाए जाने के बाद कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की गई है। 

इस मामले में अब बिसलेरी ने सफाई देते हुए कहा है कि जांच केवल उसके गोवा प्लांट में सितंबर 2025 में तैयार किए गए एक बैच से संबंधित है। कंपनी का दावा है कि यह बैच अब बाजार में उपलब्ध नहीं है और बाद की जांच में ब्रोमेट का स्तर निर्धारित सीमा के भीतर पाया गया है।

कंपनी ने मंगलवार को स्पष्ट किया कि उसके सभी 143 मैन्युफैक्चरिंग प्लांट चालू हैं और FSSAI के नियमों का पालन कर रहे हैं। गोवा स्थित प्लांट में भी उत्पादन जारी है और नियामक की ओर से उसे बंद करने का कोई आदेश नहीं दिया गया है।

50 हजार से ज्यादा बैच में सिर्फ एक पर उठे सवाल

बिसलेरी के मुताबिक, कंपनी हर साल 50 हजार से अधिक बैच तैयार करती है। FSSAI की बिक्री पर रोक केवल बैच नंबर GO 270 पर लगाई गई है, जिसका निर्माण 27 सितंबर 2025 को गोवा प्लांट में हुआ था। कंपनी का कहना है कि इस बैच का कोई भी स्टॉक फिलहाल बाजार में मौजूद नहीं है।

कंपनी ने यह भी कहा कि बाद में किए गए परीक्षण में संबंधित सैंपल में ब्रोमेट का स्तर निर्धारित मानकों के अनुरूप पाया गया। हालांकि, FSSAI की कार्रवाई और लैब रिपोर्ट के बाद कंपनी को उत्पाद की गुणवत्ता को लेकर सवालों का सामना करना पड़ रहा है।

FSSAI की जांच में ब्रोमेट के बाद PAHs भी मिले

दरअसल, FSSAI ने रविवार को बताया था कि बिसलेरी इंटरनेशनल के एक पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर सैंपल में निर्धारित सीमा से अधिक ब्रोमेट मिलने के बाद कंपनी के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी दी गई है। इसके बाद मामले की जांच के दौरान रेफरल लैब में दोबारा परीक्षण किया गया, जिसमें एक सैंपल में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) भी पाए गए। ये ऐसे रासायनिक तत्व हैं, जो स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं।

सोमवार को FSSAI ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा कानून के तहत यदि कोई फूड बिजनेस ऑपरेटर (FBO) जांच रिपोर्ट के खिलाफ अपील करता है, तो रेफरल लैब की रिपोर्ट को अंतिम माना जाएगा। प्राधिकरण ने बताया कि बिक्री पर रोक का आदेश केवल बैच नंबर GO 270 के लिए जारी किया गया है। जांच में केवल एक बैच नियमों के अनुरूप नहीं पाया गया है और कंपनी को इसकी वजह का पता लगाने के लिए रूट कॉज एनालिसिस करने को कहा गया है।

PAHs की रिपोर्ट पर कंपनी ने उठाए सवाल

बिसलेरी ने कहा कि दोबारा जांच के दौरान छह सैंपल लिए गए थे, जिनमें से एक में PAHs पाए गए, जबकि उसी बैच के दूसरे सैंपल में सभी मानक सही मिले। कंपनी के मुताबिक, उसने इस रिपोर्ट में सामने आई विसंगतियों को लेकर फरवरी 2026 में PAHs की दोबारा जांच कराने का अनुरोध किया था।

कंपनी का दावा है कि इसके बाद से FSSAI की ओर से उसके किसी भी प्लांट के सैंपल की जांच में PAHs से जुड़ी कोई प्रतिकूल रिपोर्ट सामने नहीं आई है।

फिलहाल इस पूरे मामले में बिसलेरी अपनी उत्पादन प्रक्रिया और अन्य प्लांट की गुणवत्ता को लेकर सफाई दे रही है। वहीं, FSSAI की जांच और संबंधित बैच पर बिक्री प्रतिबंध ने पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। 

और पढ़ें:  मंगलौर में कल सियासी हलचल तेज करेंगे CM धामी, करतार सिंह भड़ाना के गृह प्रवेश में होंगे शामिल; नारसन में करेंगे जनसभा