शादी की खुशियां मातम में बदलीं! बिहार से दुखद खबर, स्कॉर्पियो नहर में गिरने से 6 लोगों की मौत
Bihar News: अररिया जिले में बुधवार की देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। जिसमें एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पुल से नदी में जा गिरी। इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई। स्कॉर्पियो में कुल 7 लोग सवार थे। 1 शख्स इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है। फिलहाल मामला पुलिस के संज्ञान में है, जांच चल रही है। जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
तिलक समारोह से लौट रहे थे सभी
स्कॉर्पियो सवार सभी लोग अररिया के सिकटी प्रखंड स्थित भपटिया गांव में आयोजित एक तिलक समारोह में शामिल होने आए थे। जहां कार्यक्रम खत्म होने के बाद सभी स्कॉर्पियो से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मदनपुर-सिकटी मार्ग पर बीड़ी पुल के पास वाहन चालक का नियंत्रण गाड़ी से हट गया और स्कॉर्पियो पुल से नीचे गहरे पानी में जा गिरी। स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग सुपौल जिले के पीपरा क्षेत्र के रहने वाले थे।
नदी में डूबने से 6 लोगों की मौत
तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पुल की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 50 फीट नीचे पानी में जा गिरी। गाड़ी के अंदर पानी भरने और लोगों के फंस जाने के कारण छह लोगों की जान चली गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।
JCB की मदद से निकाली स्कॉर्पियो
स्थानीय लोगों ने पहले रस्सियों के सहारे स्कॉर्पियो को नदी से निकालने का प्रयास किया। लेकिन बाद में जेसीबी की मदद से स्कॉर्पियो को बाहर निकाला। गाड़ी में फंसे सभी 7 लोगों को बाहर निकालकर अररिया सदर अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां डॉक्टरों ने 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल एक शख्स को इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया है।
स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही ताराबाड़ी थाना पुलिस और मुख्यालय डीएसपी रजनीश कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने छह मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। जिस घर में तिलक समारोह की खुशियां थीं, वहां लौटते समय हुए हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया।
यह भी पढ़ें: सूरत की टेक्सटाइल फैक्ट्री में भीषण आग, 10 से ज्यादा दमकल गाड़ियां मौके पर