भगवंत मान की पाकिस्तान यात्रा की तैयारी? करतारपुर साहिब जाने के लिए मांगी अनुमति
Bhagwant Mann Kartarpur Sahib: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पाकिस्तान स्थित श्री करतारपुर साहिब गुरुद्वारे में मत्था टेकने जा सकते हैं। इसके लिए उन्होंने केंद्र सरकार के विदेश मंत्रालय से आधिकारिक अनुमति मांगी है। आम आदमी पार्टी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, मान ने पाकिस्तान के नारोवाल जिले में स्थित गुरुद्वारा श्री दरबार साहिब जाने की इच्छा जताई है।
हालांकि, अभी तक विदेश मंत्रालय की ओर से उनकी यात्रा को लेकर मंजूरी मिलने की कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में मुख्यमंत्री का करतारपुर साहिब जाना केंद्र सरकार के फैसले पर निर्भर करेगा।
करतारपुर कॉरिडोर के रास्ते जा सकते हैं मान
अगर केंद्र सरकार से अनुमति मिल जाती है तो भगवंत मान करतारपुर कॉरिडोर के रास्ते गुरुद्वारा श्री दरबार साहिब पहुंच सकते हैं। यह स्थान सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव जी से जुड़ा हुआ है और सिख श्रद्धालुओं के लिए बेहद पवित्र माना जाता है। भारत और पाकिस्तान के बीच बनाए गए करतारपुर कॉरिडोर के जरिए भारतीय श्रद्धालु बिना वीजा के पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारे के दर्शन कर सकते हैं। इसके लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत पंजीकरण और अन्य औपचारिकताएं पूरी करनी होती हैं। करतारपुर साहिब को लेकर पंजाब में धार्मिक और भावनात्मक जुड़ाव काफी गहरा है। ऐसे में मुख्यमंत्री की ओर से यात्रा की अनुमति मांगने का मामला भी चर्चा में है। फिलहाल सबकी नजर केंद्र सरकार के जवाब पर है।
'आप सरकार की कल्याणकारी योजनाएं जारी रहेंगी'
करतारपुर साहिब जाने की अनुमति मांगने के बीच मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को जालंधर में 'लोक मिलनी' कार्यक्रम में लोगों से बातचीत की। डोनेवाल में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार रहने तक राज्य में प्रमुख कल्याणकारी गारंटियां जारी रहेंगी। मान ने सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता, जनकल्याणकारी योजनाओं और राज्य में चल रहे विकास कार्यों का जिक्र किया। उन्होंने लोगों से पंजाब के विकास में साथ देने की अपील भी की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भाजपा, कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दलों ने लंबे समय तक पंजाब पर शासन किया, लेकिन उनके कार्यकाल में नशे जैसी समस्याएं बढ़ीं। मान ने कहा कि अब यही पार्टियां बदलाव की बात कर रही हैं।
अकाली दल और SGPC पर भी लगाए आरोप
एक जनसभा को संबोधित करते हुए भगवंत मान ने विपक्षी दलों पर पंजाब और उसके संसाधनों का शोषण करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक सत्ता में रहने वाली पार्टियों को अपने कार्यकाल का जवाब जनता को देना होगा। मुख्यमंत्री ने अकाली दल पर गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी के मामलों को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) पर अकाली दल के प्रभाव में काम करने का आरोप लगाया। मान ने विपक्षी नेताओं पर आपसी राजनीतिक हित साधने और सत्ता के लिए एक-दूसरे के साथ समझौते करने का भी आरोप लगाया।
यह भी पढ़ें: Azam Khan Release: आजम खान की रिहाई का रास्ता साफ, डासना जेल पहुंचा रिलीज ऑर्डर; समर्थकों की जुटी भीड़