टीएनपी न्यूज़
होम / विदेश
विदेश

Bangladesh: पाकिस्तान नहीं भारत को अब इस पड़ोसी मुल्क से खतरा, आतंकी संगठनों की मौजूदगी से बढ़ी सुरक्षा एजेंसियों की चिंता

Anurag Kumar Tripathi · 16 अक्टूबर 2026
Bangladesh

Bangladesh: भारत की सुरक्षा के लिहाज से बांग्लादेश एक बार फिर चर्चा में है। हाल के दिनों में बांग्लादेश से जुड़े कुछ आतंकी नेटवर्क और कट्टरपंथी संगठनों की गतिविधियों को लेकर सुरक्षा एजेंसियों की चिंता सामने आई है। खास तौर पर भारत के पूर्वोत्तर राज्यों में संभावित घुसपैठ, कट्टरपंथी नेटवर्क के विस्तार और सीमा पार हथियारों की तस्करी जैसे मुद्दों पर नजर रखी जा रही है।

जानकारी के मुताबिक अब पाकिस्तान के आतंकी संगठन बांग्लादेश में अपनी जगह बनाने में लगे हुए है। एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि मोहम्मद यूनुस की अंतरिम सरकार में इनके पैर यहां पड़े और लगातार ये गुट मजबूत हो रहे हैं। यह भारत के लिए सुरक्षा के नजरिए से चिंता का सबब है। इस मामले के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड़ पर है।

अल-कायदा से जुड़े नेटवर्क को लेकर भी चिंता

बांग्लादेश में अल-कायदा इन द इंडियन सबकॉन्टिनेंट (AQIS) से जुड़े संभावित नेटवर्क को लेकर भी चिंता जताई गई है। अगस्त 2026 में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की निगरानी टीम की एक रिपोर्ट में आशंका व्यक्त की गई थी कि AQIS बांग्लादेश का इस्तेमाल वहां अपने सेल स्थापित करने के लिए करने की कोशिश कर सकता है।

मालूम हो कि भारत और बांग्लादेश के बीच लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा है। पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, त्रिपुरा और मिजोरम जैसे राज्य इस सीमा से जुड़े हैं। ऐसे में सीमा पार अवैध आवाजाही, हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी तथा संदिग्ध नेटवर्कों की गतिविधियां सुरक्षा एजेंसियों के लिए अहम मुद्दे हैं।

दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियां क्यों सतर्क?

भारत में आतंकी गतिविधियों की जांच करने वाली एजेंसियां संदिग्ध संगठनों की भर्ती, वित्तपोषण, ऑनलाइन प्रचार और सीमा पार संपर्कों पर नजर रखती हैं। NIA की हालिया कार्रवाई से पता चलता है कि जांच एजेंसियां बांग्लादेश से जुड़े कथित नेटवर्कों की भारत में गतिविधियों की जांच कर रही हैं।

हालांकि, किसी संगठन का बांग्लादेश से जुड़ा होना अपने आप में यह साबित नहीं करता कि उस देश की सरकार इन गतिविधियों का समर्थन करती है। इसी तरह, जांच या गिरफ्तारी को किसी बड़े हमले की पुष्टि के तौर पर पेश करना भी सही नहीं होगा। सुरक्षा संबंधी निष्कर्ष जांच और विश्वसनीय सबूतों के आधार पर ही निकाले जाने चाहिए।

बीते कुछ महीनों से भारत और बांग्लादेश के रिश्तों में भी लगातार खटास देखने को मिल रही है, जिसके बाद शक और गहरा गया है। यानि अब भारत को थ्री फ्रंट से सोचने की जरूरत है। पाक और चीन के बाद अब बांग्लादेश भी भारत की चिंता बढ़ा सकता है।