Banaras Film: एआर रहमान और भारतबाला फिर साथ आए, IFFI 2026 में दिखाई जाएगी 'बनारस'
Banaras Film: भारतीय संगीत और सिनेमा की दुनिया में एक बार फिर निर्देशक भारतबाला और संगीतकार एआर रहमान की जोड़ी साथ नजर आने वाली है। भारतबाला अपनी नई फिल्म ‘बनारस’ के साथ फीचर फिल्म निर्देशन में वापसी कर रहे हैं। खास बात यह है कि इस फिल्म में एआर रहमान सिर्फ संगीतकार ही नहीं, बल्कि एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर की भूमिका भी निभा रहे हैं।
फिल्म को इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) 2026 के इंडियन पैनोरमा सेक्शन के लिए चुना गया है। इसी मंच पर ‘बनारस’ का भारत में पहली बार प्रीमियर होगा। 18 नवंबर को सामने आई इस जानकारी के बाद फिल्म को लेकर सिनेमा प्रेमियों की दिलचस्पी बढ़ गई है।
पिता और बेटी के रिश्ते पर आधारित है फिल्म
‘बनारस’ की कहानी भारतीय शास्त्रीय संगीत की सांस्कृतिक और संगीतमय पृष्ठभूमि में आगे बढ़ती है। फिल्म में पिता और बेटी के रिश्ते को केंद्र में रखा गया है। इसमें परिवार, भावनाओं और अलग-अलग पीढ़ियों के बीच बने रिश्तों को दिखाने की कोशिश की गई है। फिल्म में अभिषेक बनर्जी, शहाना गोस्वामी, नीरज काबी, छाया कदम, इंदिरा तिवारी और एंटनीथासन जेसुथासन अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इन कलाकारों ने अलग-अलग फिल्मों और किरदारों के जरिए अपनी पहचान बनाई है। अभिषेक बनर्जी हाल ही में फिल्म ‘स्टोलन’ में अपने काम को लेकर चर्चा में रहे हैं। वहीं शहाना गोस्वामी को फिल्म ‘संतोष’ में उनके अभिनय के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली। एंटनीथासन जेसुथासन फ्रांसीसी निर्देशक जैक्स ऑडियार की चर्चित फिल्म ‘दीपन’ का हिस्सा रह चुके हैं।
भारतबाला ने एआर रहमान के साथ दोबारा काम करने पर क्या कहा?
फिल्म के इंडियन पैनोरमा में चुने जाने पर निर्देशक भारतबाला ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि ‘बनारस’ उनके लिए एक खास रचनात्मक सफर रहा है। इसमें पिता-बेटी की भावनात्मक कहानी के साथ बेहतरीन कलाकारों और क्रिएटिव टीम ने काम किया है। भारतबाला के मुताबिक, एआर रहमान के साथ दोबारा काम करने से यह सफर और खास बन गया। फिल्म का संगीत इसकी कहानी और भावनाओं का अहम हिस्सा है। उन्होंने IFFI में फिल्म के चयन पर खुशी जताते हुए दर्शकों के सामने इसे पेश करने का इंतजार करने की बात कही।
'मरियान' के बाद फीचर फिल्म निर्देशन में वापसी
भारतबाला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित फिल्ममेकर हैं। उन्होंने भारतीय संस्कृति, विरासत और पहचान से जुड़ी कहानियों को अलग-अलग माध्यमों से अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचाया है। उन्हें फिल्म ‘राम नमी’ के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला था। ‘बनारस’ साल 2013 में आई फिल्म ‘मरियान’ के बाद बतौर फीचर फिल्म निर्देशक उनकी वापसी है। ‘मरियान’ में धनुष मुख्य भूमिका में थे। वहीं एआर रहमान और भारतबाला पहले भी ‘वंदे मातरम’ और ‘जन गण मन’ जैसे प्रोजेक्ट्स में साथ काम कर चुके हैं।
फिल्म की तकनीकी टीम में भी बड़े नाम
‘बनारस’ की टीम में सिनेमा के कई अनुभवी नाम शामिल हैं। फिल्म की सिनेमैटोग्राफी मार्क कोनिक्स ने संभाली है, जबकि एडिटिंग की जिम्मेदारी राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता श्रीकर प्रसाद के पास है। कोरियोग्राफी ब्रिंदा मास्टर ने की है और ऑस्कर विजेता रेसुल पुकुट्टी फिल्म के साउंड डिजाइन का नेतृत्व कर रहे हैं। फिल्म का निर्माण शिवहंस पिक्चर्स, शिवानी रावत, जूली गोल्डस्टीन, भारतबाला और जननी रविचंद्रन ने किया है। शिवहंस पिक्चर्स की यह पहली हिंदी फीचर फिल्म है। प्रोडक्शन हाउस इससे पहले देव पटेल के निर्देशन वाली फिल्म ‘द पीजेंट’ से भी जुड़ा रहा है। अब ‘बनारस’ के जरिए भारतबाला और एआर रहमान की रचनात्मक जोड़ी एक नई कहानी लेकर आ रही है। फिल्म का पहला भारतीय प्रदर्शन IFFI 2026 के इंडियन पैनोरमा सेक्शन में होगा। इसके बाद दर्शकों को इसकी रिलीज से जुड़ी जानकारी का इंतजार रहेगा।
यह भी पढ़ें: Panchayat Season 5: बनराकस ने खोला राज, इस दिन सामने आएगी पंचायत सीजन 5 रिलीज डेट