टीएनपी न्यूज़
होम / राज्य
राज्य

Balrampur News: तेज DJ की आवाज के बीच छात्रा की मौत, CCTV में कैद घटना

Shivashakti Narayan Singh · 23 सितम्बर 2026
तेज DJ की आवाज के बीच छात्रा की मौत, CCTV में कैद घटना

Balrampur News: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान बज रहे तेज डीजे के बीच एक दर्दनाक घटना सामने आई है। डिवाइन पब्लिक स्कूल में दूसरी कक्षा की छात्रा की अचानक तबीयत बिगड़ गई। शिक्षकों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। परिजन बच्ची की मौत के लिए डीजे की तेज आवाज और उससे होने वाले कंपन को जिम्मेदार बता रहे हैं। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह मेडिकल जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

क्लास में पढ़ रही थी बच्ची, तभी निकलने लगा विसर्जन जुलूस

घटना सोमवार सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। छात्रा स्कूल की पहली मंजिल पर अपनी कक्षा में दूसरे बच्चों के साथ पढ़ाई कर रही थी। इसी दौरान स्कूल के सामने से गणेश विसर्जन का जुलूस गुजरा।परिजनों और स्कूल प्रबंधन के मुताबिक, जुलूस में डीजे काफी तेज आवाज में बज रहा था। तेज आवाज के साथ स्कूल की खिड़कियों के शीशों में भी कंपन महसूस हो रहा था। आवाज सुनकर कुछ बच्चे खिड़की और दरवाजे की तरफ देखने लगे। इसी दौरान छात्रा की तबीयत अचानक बिगड़ गई।परिजनों का दावा है कि बच्ची को लगातार तीन बार अटैक आया। तीसरी बार उसकी हालत ज्यादा गंभीर हो गई।

CCTV में कैद हुई पूरी घटना

घटना के बाद स्कूल का करीब तीन मिनट का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें कक्षा के अंदर अचानक अफरा-तफरी का माहौल दिखाई दे रहा है। स्कूल प्रबंधन के मुताबिक, पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हुई है।स्कूल प्रबंधक आशीष उपाध्याय ने बताया कि जुलूस के दौरान डीजे की आवाज काफी तेज थी और इसी दौरान बच्ची की तबीयत बिगड़ी।

शिक्षक तुरंत लेकर पहुंचे अस्पताल

स्कूल की शिक्षिकाओं के मुताबिक, छात्रा की हालत बिगड़ते ही उन्होंने उसे संभाला और तत्काल नीचे लेकर आईं। इसके बाद बच्ची को अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचाया गया।बताया जा रहा है कि अस्पताल पहुंचने तक छात्रा की मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

डीजे की आवाज से हुई मौत या कोई और वजह? जांच में जुटी पुलिस

मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारी स्कूल के सीसीटीवी फुटेज समेत घटना से जुड़े दूसरे पहलुओं की जांच कर रहे हैं।सीओ सिटी अभिषेक सिंह के मुताबिक, छात्रा की मौत तेज आवाज के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य चिकित्सकीय वजह थी, यह जांच और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।एसपी मार्तंड प्रकाश सिंह ने भी मामले में निष्पक्ष जांच की बात कही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि विसर्जन जुलूस के दौरान ध्वनि प्रदूषण से जुड़े नियमों का पालन किया गया था या नहीं।

उत्तर प्रदेश के बलरामपुर से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया है। गणेश विसर्जन यात्रा के दौरान बज रहे तेज डीजे के शोर के बीच डिवाइन पब्लिक स्कूल की एक छात्रा की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उपचार के दौरान उसकी दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद से… pic.twitter.com/m77u4KVVAP

— Arun (आज़ाद) Chahal 🇮🇳 (@ArunAzadchahal) September 22, 2026