टीएनपी न्यूज़
होम / शिक्षा
शिक्षा

बहराइच: डीएम ने छात्राओं से पूछे अंग्रेजी और भूगोल के सवाल, परखी शिक्षा की गुणवत्ता

Shivani Gupta · 23 नवम्बर 2026
डीएम ने छात्राओं से पूछे अंग्रेजी और भूगोल के सवाल

बहराइच: जिले के जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, तजवापुर का निरीक्षण कर छात्राओं को दी जा रही शिक्षा और विद्यालय में उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर छात्राओं से संवाद किया और विभिन्न विषयों से सवाल पूछकर उनकी शैक्षिक समझ को परखा।

छात्राओं से अंग्रेजी और भूगोल के सवाल

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं से पहाड़े सुने और अंग्रेजी विषय में नाउन, प्रोनाउन तथा टेंस से संबंधित प्रश्न पूछे। उन्होंने छात्राओं से हिंदी वाक्यों का अंग्रेजी में अनुवाद भी कराया। वहीं भूगोल विषय में जलवायु और महाद्वीपों से संबंधित सवाल पूछकर उनके सामान्य ज्ञान और विषयगत समझ का आकलन किया।

डीएम के सवालों का जवाब देने में छात्राओं ने उत्साह दिखाया। जिलाधिकारी ने छात्राओं की प्रतिभा और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

यह भी पढ़ें: दहेज के एक लाख रुपये को लेकर शादी में विवाद, लौटने लगी बारात; दूल्हे की जिद पर सात घंटे बाद हुई शादी

शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने पर जोर

जिलाधिकारी ने कहा कि बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। छात्राओं को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखते हुए उनकी विषयगत समझ, तार्किक क्षमता और सीखने की रुचि को विकसित करना भी जरूरी है।

उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों को निर्देश दिया कि छात्राओं की पढ़ाई पर विशेष ध्यान दिया जाए और उनकी शैक्षिक प्रगति का नियमित मूल्यांकन किया जाए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय की शैक्षिक, आवासीय एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं की भी जानकारी ली।

रिपोर्ट: महेश चंद्र गुप्ता, बहराइच

यह भी पढ़ें: लोहरदगा में करोड़ों की लागत से बना पॉलिटेक्निक कॉलेज भवन बदहाल, खंडहर में तब्दील हो रही सरकारी संपत्ति