टीएनपी न्यूज़
होम / राज्य
राज्य

Azam Khan Release: आजम खान की रिहाई का रास्ता साफ, डासना जेल पहुंचा रिलीज ऑर्डर; समर्थकों की जुटी भीड़

Shivashakti Narayan Singh · 18 नवम्बर 2026
बस कुछ ही देर में रिहा होंगे आजम खान

Azam Khan Bail: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान के जेल से बाहर आने का इंतजार अब खत्म होने वाला है। उनकी जमानत से जुड़ी सभी जरूरी कानूनी औपचारिकताएं बुधवार को गाजियाबाद की सीजेएम कोर्ट में पूरी कर ली गईं। इसके बाद अदालत की ओर से जारी रिहाई का आदेश डासना जेल भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि शाम करीब 7 बजे तक आजम खान जेल से बाहर आ सकते हैं। उनकी रिहाई की खबर मिलते ही समर्थकों की भीड़ जेल के बाहर जुटने लगी है।

आजम खान की जमानत के लिए अदालत ने 50-50 हजार रुपये के दो जमानती और 50 हजार रुपये का निजी मुचलका जमा करने की शर्त रखी थी। इस प्रक्रिया में शहनवाज और जुनैद जमानती बने। दोनों की तरफ से 50-50 हजार रुपये की एफडी भी जमा कराई गई। इसके अलावा अदालत के निर्देश पर जरूरी एफिडेविट भी दाखिल किया गया। वकीलों की ओर से सभी औपचारिकताएं पूरी किए जाने के बाद रिहाई का परवाना जेल प्रशासन तक पहुंच गया। अब जेल प्रशासन की ओर से जरूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनकी रिहाई हो सकेगी।

फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मामले में मिली थी जमानत, फिर हुई गिरफ्तारी

आजम खान की जेल से रिहाई का मामला उस समय फिर उलझ गया था, जब उन्हें फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मामले में जमानत मिलने के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गिरफ्तार कर लिया था। इस गिरफ्तारी के चलते वह जेल से बाहर नहीं आ सके और उन्हें दोबारा न्यायिक हिरासत में रहना पड़ा। इसके बाद आजम खान ने ईडी की गिरफ्तारी और न्यायिक हिरासत को अदालत में चुनौती दी। शुरुआत में उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था। हालांकि, शीर्ष अदालत ने उन्हें इस मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट जाने की सलाह दी थी।

इलाहाबाद हाईकोर्ट से मिली अंतरिम जमानत

ईडी से जुड़े मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने आजम खान को अंतरिम जमानत दी। सुनवाई के दौरान अदालत ने प्रथम दृष्टया पाया कि गिरफ्तारी के समय संविधान के अनुच्छेद 22(1) और धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) की धारा 19 के अनिवार्य प्रावधानों का सख्ती से पालन नहीं किया गया था। इसी आधार पर अदालत ने उन्हें अंतरिम राहत दी। हालांकि, इस मामले में आगे की कानूनी सुनवाई जारी रहेगी। हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद अब निचली अदालत में जमानत की शर्तें पूरी होने से उनकी रिहाई का रास्ता साफ हुआ है।

426 करोड़ रुपये के लेनदेन की जांच कर रही है ED

आजम खान के खिलाफ ईडी की कार्रवाई जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े कथित वित्तीय लेनदेन में अनियमितताओं की जांच से जुड़ी है। एजेंसी के मुताबिक, यह मामला करीब 426 करोड़ रुपये के लेनदेन से संबंधित है। ईडी ने इस मामले में मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े पहलुओं की जांच की है। अदालत में एजेंसी की ओर से अधिवक्ता जोहेब हुसैन ने पक्ष रखा था।

जेल से बाहर आने के बाद आजम खान के सामने क्या होंगी चुनौतियां?

आजम खान की रिहाई समाजवादी पार्टी के लिए भी अहम घटनाक्रम मानी जा रही है। लंबे समय से कानूनी मामलों और जेल में रहने के कारण उनकी सक्रिय राजनीतिक भूमिका प्रभावित हुई है। ऐसे में जेल से बाहर आने के बाद उनकी आगे की राजनीतिक रणनीति पर सबकी नजर रहेगी। उनके सामने एक ओर लंबित कानूनी मामलों से निपटने की चुनौती होगी, तो दूसरी ओर रामपुर और उत्तर प्रदेश की राजनीति में अपनी सक्रियता को लेकर भी फैसला करना होगा। फिलहाल समर्थकों को उनके जेल से बाहर आने का इंतजार है। रिहाई के बाद आजम खान की पहली प्रतिक्रिया और आगे की रणनीति पर राजनीतिक गलियारों की नजर रहेगी।

यह भी पढ़ें: सीतापुर में 12 सूत्रीय मांगों को लेकर शिक्षकों का धरना, पुरानी पेंशन बहाली की उठाई आवाज