आयुष्मान कार्ड में इन बीमारियों का नहीं मिलता फ्री इलाज! अस्पताल भी कर देते हैं मना
Ayushman Bharat Yojana: देश में महंगे इलाज का खर्च उठाना आज भी आम लोगों के लिए बड़ी चुनौती है। खासकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को गंभीर बीमारी के दौरान आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में केंद्र सरकार की 'आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY)' लोगों के लिए राहत साबित हो रही है। इस योजना के तहत पात्र परिवारों को हर साल 5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज मिलता है। हालांकि, आयुष्मान कार्ड होने का मतलब यह नहीं है कि हर बीमारी का इलाज मुफ्त होगा।
हर बीमारी का इलाज योजना में शामिल नहीं
आयुष्मान भारत योजना का उद्देश्य अस्पताल में भर्ती होने पर होने वाले बड़े मेडिकल खर्च को कम करना है। इसके तहत सेकेंडरी और टर्शियरी हेल्थकेयर से जुड़ी कई गंभीर बीमारियों के इलाज की सुविधा दी जाती है। कैंसर, हृदय रोग और किडनी से संबंधित कई उपचार भी इसमें शामिल हैं। लेकिन इनका लाभ निर्धारित मेडिकल पैकेज और योजना के नियमों के अनुसार ही मिलता है।
इन उपचारों का खर्च नहीं होता कवर
योजना के तहत कुछ उपचार और मेडिकल सुविधाएं एक समान कवर नहीं की जाती हैं। इनमें सर्दी, खांसी और बुखार जैसी सामान्य समस्याओं के लिए ओपीडी परामर्श, बिना भर्ती वाली सेवाएं, सुंदरता बढ़ाने के उद्देश्य से की जाने वाली कॉस्मेटिक सर्जरी, फर्टिलिटी और असिस्टेड रिप्रोडक्टिव ट्रीटमेंट, नशे की लत छुड़ाने से जुड़े सामान्य पुनर्वास उपचार तथा नियमित स्वास्थ्य जांच शामिल हैं। हालांकि, बीमारी या दुर्घटना के कारण आवश्यक होने पर रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी जैसे कुछ उपचारों को विशेष प्रावधानों के तहत कवर किया जा सकता है। इसलिए लाभार्थियों को उपचार कराने से पहले योजना की पात्रता और कवरेज संबंधी शर्तों की जानकारी अवश्य लेनी चाहिए।
आयुष्मान कार्ड होने पर भी अस्पताल क्यों करते हैं मना?
आयुष्मान योजना का लाभ केवल सूचीबद्ध अस्पतालों में और निर्धारित मेडिकल पैकेज के तहत मिलता है। यदि अस्पताल योजना के पैनल में शामिल नहीं है या संबंधित इलाज का पैकेज उपलब्ध नहीं है, तो कैशलेस सुविधा नहीं मिल सकती। वहीं, योजना के तहत उपलब्ध पात्र इलाज के लिए सूचीबद्ध अस्पताल लाभार्थी को मना नहीं कर सकते। इसलिए इलाज से पहले अस्पताल में आयुष्मान डेस्क से पैकेज और पात्रता की जानकारी जरूर लें।
ये भी पढ़ें: CSIR NET दिसंबर परीक्षा की तारीखों का ऐलान, देखें किस दिन होगा एग्जाम