टीएनपी न्यूज़
होम / राज्य
राज्य

अयोध्या राम मंदिर परिसर में निर्माण कार्य पूरा, L&T ने सौंपी जिम्मेदारी; दिसंबर तक पूरा होगा बाकी काम

Shailesh Yadav · 20 नवम्बर 2026
अयोध्या राम मंदिर परिसर में निर्माण कार्य पूरा

Ayodhya News: अयोध्या के राम मंदिर को लेकर एक बड़ी अपडेट सामने आई है। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने शुक्रवार को बताया कि मंदिर परिसर के भीतर निर्माण का मुख्य काम पूरी तरह पूरा हो चुका है। बाहरी परकोटे की दीवार को छोड़कर परिसर में तैयार सभी निर्माण कार्यों को मंदिर ट्रस्ट को सौंप दिया गया है। अब इनकी देखरेख, संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी ट्रस्ट की होगी।

नृपेंद्र मिश्रा ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि मंदिर परिसर के भीतर निर्माण का काम करने वाली प्रमुख कंपनी लार्सन एंड टुब्रो (L&T) अपनी जिम्मेदारी पूरी कर चुकी है। अब कंपनी को मुख्य मंदिर परिसर में कोई निर्माण कार्य नहीं करना है। उन्होंने कहा कि निर्माण की गुणवत्ता की जांच और ठेकेदार कंपनियों के भुगतान का हिसाब पूरा करना फिलहाल प्राथमिकता है।

निर्माण की गुणवत्ता की होगी जांच, दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य
नृपेंद्र मिश्रा ने बताया कि हाल ही में हुई समीक्षा बैठक में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके लिए प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग एजेंसी EIL (Engineers India Limited) और TCE को अलग-अलग निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच करने को कहा गया है।

उन्होंने कहा कि अब दो प्रमुख काम बाकी हैं। पहला, दिसंबर के अंत तक सभी शेष कार्यों को पूरा करना और दूसरा, निर्माण कंपनियों के बिलों और भुगतान का अंतिम हिसाब करना। जहां भी गुणवत्ता में कमी पाई जाएगी, वहां नियमानुसार कटौती की जाएगी।

मंदिर परिसर के बाहर अभी जारी है निर्माण कार्य
मिश्रा ने स्पष्ट किया कि मुख्य मंदिर परिसर में भले ही निर्माण का बड़ा काम पूरा हो गया है, लेकिन परिसर के बाहर दो प्रमुख स्थानों पर अभी काम जारी है। इनमें सभागार और ट्रस्ट कार्यालय के निर्माण के साथ सरयू नदी के पास बनाया जा रहा संग्रहालय शामिल है।

उन्होंने बताया कि बाहरी परकोटे की दीवार को छोड़कर बाकी सभी तैयार निर्माण संपत्तियां मंदिर ट्रस्ट को सौंप दी गई हैं। अब इनके संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी ट्रस्ट संभालेगा। दिसंबर के अंत तक शेष काम और वित्तीय प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। 

और पढ़ें: कर्नाटक में बाइक टैक्सी सर्विस को मिली मंजूरी, SC ने खारिज की सरकार की अपील