288 करोड़ से बदलेगी बिहार के इस जिले की तस्वीर, 8 KM का फोरलेन बाईपास बनेगा; 29 हेक्टेयर जमीन होगी अधिग्रहित
Aurangabad Four Lane Bypass: बिहार के औरंगाबाद जिले के दाउदनगर में जाम की समस्या से लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। शहर के बाहर से गुजरने वाले करीब 8 किलोमीटर लंबे फोरलेन बाईपास की योजना पर काम तेज कर दिया गया है। इस परियोजना पर करीब 288 करोड़ रुपये खर्च होने हैं। फिलहाल जमीन अधिग्रहण और टेंडर से जुड़ी प्रक्रिया को जल्द पूरा करने की तैयारी चल रही है।
प्रस्तावित बाईपास के लिए करीब 29.08 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया जाना है। परियोजना में लगभग 159 करोड़ रुपये सड़क निर्माण पर खर्च होंगे, जबकि बाकी राशि भूमि अधिग्रहण में इस्तेमाल की जाएगी। निर्माण कार्य के लिए राशि एनएचएआई की ओर से उपलब्ध कराई जाएगी।
भखरुआ चौक से आगे बनेगा बाईपास
प्रस्तावित फोरलेन बाईपास दाउदनगर के भखरुआ चौक के पूर्वी हिस्से से निकलेगा। इसका एक सिरा दाउदनगर-पटना मार्ग पर बीएड कॉलेज के पास एनएच-139 से जुड़ेगा।इसके बाद बाईपास औरंगाबाद की दिशा में आगे बढ़ते हुए नासरीगंज रोड ओवरब्रिज के पास दोबारा एनएच-139 से जुड़ जाएगा। इस सड़क के बनने के बाद शहर के अंदर से गुजरने वाले बाहरी वाहनों को वैकल्पिक रास्ता मिल सकेगा, जिससे दाउदनगर के मुख्य इलाकों में ट्रैफिक का दबाव कम होने की उम्मीद है।
एनएच-120 के ऊपर से गुजरेगी सड़क
बाईपास की प्रस्तावित सड़क एनएच-120 को भी क्रॉस करेगी। इसके लिए यहां ओवरब्रिज बनाया जाएगा। इसके अलावा दाउदनगर जेल से पहले बुधनबिगहा गांव के पास से भी बाईपास के गुजरने की योजना है।पूरे प्रोजेक्ट के लिए जिन जमीनों की जरूरत है, उनके अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। अधिकारियों की टीम ने बुधवार को प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण भी किया।
जमीन अधिग्रहण के लिए अधिकारियों ने किया निरीक्षण
एनएच के कार्यपालक अभियंता तुलसी प्रसाद के मुताबिक जमीन अधिग्रहण से संबंधित प्रक्रिया को जल्द पूरा करने की दिशा में काम चल रहा है। बुधवार को अधिकारियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर प्रस्तावित क्षेत्र का जायजा लिया।स्थल निरीक्षण में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी शुभेंद्र कुमार झा, वरीय उप समाहर्ता रितेश कुमार यादव, दाउदनगर एलआरडीसी प्रणव कुमार, अपर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी जीतेंद्र कुमार सिन्हा और दाउदनगर सीओ समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।अधिकारियों ने जमीन से जुड़ी प्रक्रिया को जल्द पूरा करने पर जोर दिया है। वहीं बाईपास निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया भी अब अंतिम चरण में बताई जा रही है।
जाम से मिलेगी राहत
दाउदनगर में एनएच-139 से जुड़े मार्गों पर वाहनों का दबाव रहने के कारण कई बार जाम की स्थिति बनती है। फोरलेन बाईपास तैयार होने के बाद शहर के भीतर जाने की जरूरत नहीं पड़ने वाले वाहनों को बाहर से रास्ता मिल सकेगा।करीब 8 किलोमीटर का यह बाईपास दाउदनगर के यातायात के लिए महत्वपूर्ण परियोजना माना जा रहा है। फिलहाल प्रशासन का फोकस भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी करने और इसके बाद निर्माण कार्य से जुड़ी औपचारिकताओं को आगे बढ़ाने पर है।