टीएनपी न्यूज़
होम / खेल
खेल

'दिल टूट गया…' मोहम्मद शमी के रिटायरमेंट पर भावुक हुआ पूर्व क्रिकेटर, हेड कोच पर उठाए ‘गंभीर’ सवाल

Aman sharma · 8 नवम्बर 2026
मोहम्मद शमी के रिटायरमेंट पर भावुक हुआ पूर्व क्रिकेटर, हेड कोच पर उठाए ‘गंभीर’ सवाल

Mohammed Shami: पूर्व भारतीय क्रिकेटर अतुल वासन ने मोहम्मद शमी के टेस्ट करियर के रिटायरमेंट पर निराशा जताई है। उन्होंने कहा कि भारतीय क्रिकेट में उनके योगदान को देखते हुए, यह शानदार तेज गेंदबाज एक बेहतर और सम्मानजनक फेयरवेल के हकदार थे।

शुक्रवार को शमी ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की। इसके साथ ही, खेल के इस सबसे लंबे प्रारूप में उनका 13 साल का सफर उसी तारीख को खत्म हो गया, जिस दिन उन्होंने 6 नवंबर 2013 को अपना टेस्ट डेब्यू किया था।

शमी ने भारत के लिए 64 टेस्ट मैच खेले, जिसमें उन्होंने 122 पारियों में 27.71 की औसत और 3.30 की इकॉनमी रेट से 229 विकेट लिए। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 6/56 रहा। इसके अलावा, उन्होंने 12 बार एक पारी में 4 विकेट और 6 बार 5 विकेट लेने का कारनामा किया।

वह वापसी की कोशिश कर रहे थे-वासन

भारत के पूर्व खिलाड़ी अतुल वासन का कहना है कि शमी वापसी के लिए कड़ी मेहनत कर रहे थे और वह एक कमाल के खिलाड़ी हैं। वासन ने कहा,

"मुझे लगता है कि वह कमाल के खिलाड़ी हैं। उनकी कहानी बहुत प्रेरणादायक है। जहां से वह आए और घुटनों की चोट के बावजूद, उन्होंने दुनिया भर में जिस तरह का प्रदर्शन किया, वह काबिले तारीफ है। वह एक बेहतरीन और बेहद प्रतिभाशाली गेंदबाज हैं। उन्हें इस तरह विदा लेते देखकर बहुत दुख होता है। वह वापसी की कोशिश कर रहे थे, कड़ी मेहनत कर रहे थे और रणजी ट्रॉफी में अच्छा प्रदर्शन भी कर रहे थे। उन्हें उम्मीद थी कि शायद उनका करियर भी भुवनेश्वर कुमार की तरह किसी सुखद कहानी की तरह खत्म हो।"

शमी को मिलनी चाहिए थी विदाई- वासन

वासन का मानना है कि मोहम्मद शमी को टेस्ट क्रिकेट में शानदार विदाई मिलनी चाहिए थी, जो उन्हें नहीं मिली। वासन ने साथ ही यह भी कहा,

"भारत में उम्र को लेकर एक तरह का पूर्वाग्रह है। अगर भारत को जरूरत होती, तो वे उनसे कुछ और सीजन तक खेलवा सकते थे। जिस तरह से वह चोट से उबरकर वापस आए हैं, उसे देखते हुए उन्हें एक शानदार विदाई दी जा सकती थी।" वासन को लगता है कि भारतीय क्रिकेट में सीनियर खिलाड़ियों के प्रति सम्मान और शालीनता की कमी है। 

गंभीर के रहते शमी की वापसी मुश्किल

पूर्व क्रिकेटर का मानना है कि हेड कोच गौतम  गंभीर के रहते मोहम्मद शमी की वापसी की संभावनाएं सीमित थीं। उन्होंने कहा,

"मुझे लगता है कि भारतीय क्रिकेट में उस तरह की शालीनता और सम्मान की कमी है, जो ऐसे खिलाड़ी को मिलनी चाहिए जिसने इतना अच्छा प्रदर्शन किया हो और लंबे समय तक टीम के लिए योगदान दिया हो। उन्हें उस तरह से विदा किया जाना चाहिए था जैसा वे चाहते थे, एक सम्मानजनक विदाई। यह साफ था कि गौतम गंभीर के कोच रहते शमी के लिए वापसी करना मुश्किल होगा। उन्होंने अपनी पूरी कोशिश की, लेकिन अंत में उम्र का असर तो दिखता ही है। आप हमेशा खेलते नहीं रह सकते। उन्हें जाते हुए देखना दुखद है, लेकिन 'राजा' का दौर खत्म हुआ।"

ये भी पढ़ें- ‘कुछ भी गलत नहीं…’ केएल से पहले अक्षर को भेजने पर भड़के फैंस, तो शुभमन-गंभीर के बचाव में उतरे सुनील गावस्कर