अंकिता भंडारी की निजी चैट सार्वजनिक करने पर कांग्रेस का हल्लाबोल, विनोद आर्य के घर घेराव करने पहुंचीं महिला कार्यकर्ता
हरिद्वार: उत्तराखंड में अंकिता भंडारी की निजी चैट सार्वजनिक किए जाने का मामला लगातार तूल पकड़ रहा है। इस मामले को लेकर अब कांग्रेस ने भी मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने हरिद्वार में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में महिला कार्यकर्ता पूर्व राज्य मंत्री विनोद आर्य के घर का घेराव करने पहुंचीं। हालांकि, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को घर तक पहुंचने से पहले ही रास्ते में रोक दिया। इसके बाद मौके पर काफी देर तक हंगामा होता रहा।
विनोद आर्य के घर का घेराव करने पहुंचीं महिला कार्यकर्ता
जानकारी के मुताबिक, प्रदेश कांग्रेस महिला मोर्चा की अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता विनोद आर्य के आवास का घेराव करने पहुंचीं थीं। कांग्रेस कार्यकर्ता अंकिता भंडारी की निजी चैट सार्वजनिक किए जाने के मामले में विरोध दर्ज कराना चाहती थीं। लेकिन मौके पर तैनात पुलिस बल ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया।
पुलिस के रोके जाने पर महिला कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई। देखते ही देखते मामला झड़प और हंगामे तक पहुंच गया। करीब आधे घंटे तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। इसके बाद पुलिस ने प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला को हिरासत में ले लिया।
ज्योति रौतेला ने की विनोद आर्य की गिरफ्तारी की मांग
प्रदर्शन के दौरान ज्योति रौतेला ने अंकिता भंडारी की निजी चैट सार्वजनिक किए जाने को गंभीर अपराध बताया। उन्होंने कहा कि किसी की निजी बातचीत को सार्वजनिक करना बेहद गंभीर मामला है और इस मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने पूर्व राज्य मंत्री विनोद आर्य की तत्काल गिरफ्तारी की मांग भी उठाई।
कांग्रेस नेता ने भाजपा पर लगाए आरोप
वहीं, कांग्रेस नेता महेश प्रताप राणा ने इस पूरे मामले को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा इस मामले की दिशा बदलने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस का कहना है कि अंकिता भंडारी से जुड़े मामले में लोगों का ध्यान भटकाने के बजाय जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। इसी विरोध में कांग्रेस महिला मोर्चा ने विनोद आर्य के घर का घेराव करने का निर्णय लिया था। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई के चलते कार्यकर्ता आवास तक नहीं पहुंच सके।
अंकिता भंडारी से जुड़े इस मामले को लेकर उत्तराखंड में राजनीतिक बयानबाजी तेज होती दिखाई दे रही है। कांग्रेस लगातार इस मामले में कार्रवाई की मांग उठा रही है।
यह भी पढ़ें: होर्मुज में मचा हड़कंप, 24 भारतीयों को लेकर जा रहे गैस टैंकर पर मिसाइल अटैक