टीएनपी न्यूज़
होम / देश
देश

अमित शाह ने केरल में लॉन्च किया 'SHE Mart', 2500 से ज्यादा रिटेल आउटलेट पर मिलेंगे भारतीय और स्थानीय उत्पाद

Shailesh Yadav · 26 सितम्बर 2026
अमित शाह ने केरल में लॉन्च किया 'SHE Mart' (ANI)

Amit Shah Kerala Visit: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शनिवार को केरल के कोल्लम में राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता महासंघ (NCCF) की कई पहलों का उद्घाटन किया। इन पहलों का उद्देश्य सहकारी क्षेत्र को मजबूत करने के साथ ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। इस दौरान अमित शाह ने 'SHE Mart' पहल की शुरुआत भी की।

'SHE Mart' को ग्रामीण महिलाओं को केवल कर्ज लेने वालों से आगे बढ़ाकर उद्यमी और व्यवसाय की मालिक बनाने की दिशा में एक पहल के तौर पर पेश किया गया है। यह योजना 2026-27 के केंद्रीय बजट में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की ओर से घोषित SHE Mart Mission के तहत शुरू की गई है।

महिलाओं को बाजार से सीधे जोड़ने की पहल
अमित शाह ने कहा कि 'SHE Mart' का उद्देश्य महिला स्वयं सहायता समूहों (SHG) और ग्रामीण उद्योगों से जुड़े उद्यमियों को सीधे बाजार और उपभोक्ताओं से जोड़ना है। उन्होंने इसे सहकारिता के क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि NCCF के जरिए भारतीय ब्रांड और स्थानीय उत्पादों को 2500 से अधिक रिटेल आउटलेट तक पहुंचाया जाएगा। इसके अलावा केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक में 300 से अधिक 'SHE Mart' स्टोर स्थापित किए जाएंगे।

मोबाइल वैन के जरिए सस्ते दाम पर प्याज, भारत आटा और चावल
कार्यक्रम के दौरान NCCF और NAFED की मोबाइल वैन के जरिए केरल के लोगों को सस्ती दरों पर जरूरी खाद्य वस्तुएं उपलब्ध कराने की शुरुआत भी की गई। इनमें प्याज, 'भारत आटा' और 'भारत चावल' शामिल हैं। इसके अलावा NAFED Welfare Scholarship Scheme के तहत दो किसान परिवारों की बेटियों को छात्रवृत्ति भी प्रदान की गई।

केरल में 23 हजार से ज्यादा सहकारी समितियां
अमित शाह ने केरल के मजबूत सहकारी ढांचे का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में 23 हजार से अधिक सहकारी समितियां काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि आजादी से पहले भी ट्रावणकोर, कोचीन और मालाबार जैसे क्षेत्रों में सहकारिता का संगठित ढांचा मौजूद था। शाह ने केरल सरकार से केंद्र की सहकारिता योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि केंद्र की ओर से डेयरी, बीज और जैविक कृषि के क्षेत्र में विशेष सहायता और मार्गदर्शन भी दिया जा सकता है।

सहकारिता के जरिए महिला सशक्तिकरण पर जोर
अमित शाह ने कहा कि देश में लंबे समय से केंद्र में अलग सहकारिता मंत्रालय बनाने की मांग होती रही थी। उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने सहकारिता मंत्रालय बनाकर ग्रामीण विकास, कृषि विकास और महिला सशक्तिकरण की दिशा में कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि सहकारी क्षेत्र के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना सरकार के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है।