अरुणाचल प्रदेश के विकास कार्यों की अमित शाह ने की समीक्षा, सीमावर्ती इलाकों की चुनौतियों पर भी हुई चर्चा
Amit Shah Reviews Arunachal Pradesh Development: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को अरुणाचल प्रदेश में चल रही प्रमुख विकास परियोजनाओं की समीक्षा के लिए उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू भी मौजूद रहे। इस दौरान राज्य में विकास कार्यों के साथ सीमावर्ती क्षेत्रों की समस्याओं और आंतरिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
बैठक से पहले राज्यसभा सांसद ताई तागक ने अमित शाह के दौरे का स्वागत करते हुए कहा कि पूरे अरुणाचल प्रदेश के लोग उनके आने से उत्साहित हैं। लोगों को उम्मीद है कि गृह मंत्री राज्य की चुनौतियों का जायजा लेंगे और आम लोगों की समस्याओं को सुनेंगे। ताई तागक ने कहा कि राज्य के सामने आंतरिक सुरक्षा और सीमा से जुड़े कई मुद्दे हैं। इसके अलावा विकास की प्रक्रिया के दौरान कुछ व्यवस्थाओं और जरूरी चीजों को दोबारा दुरुस्त करने की आवश्यकता भी है।
पुलिस जवानों के साथ 'बड़ा खाना' कार्यक्रम में शामिल हुए शाह
विकास परियोजनाओं की समीक्षा बैठक से पहले अमित शाह ईटानगर के बंदरदेवा स्थित पुलिस ट्रेनिंग अकादमी के परेड ग्राउंड पहुंचे। यहां उन्होंने अरुणाचल प्रदेश पुलिस के जवानों के साथ 'बड़ा खाना' कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इसके बाद गृह मंत्री ने राष्ट्रपति पुलिस कलर पुरस्कार समारोह को भी संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस बल की भूमिका और देश की आंतरिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर बात की।
कश्मीर में अब कोई स्थानीय सक्रिय आतंकी नहीं: अमित शाह
पुलिस कलर पुरस्कार समारोह के दौरान अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा स्थिति को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने दावा किया कि हाल ही में मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े एक आतंकी के मारे जाने के बाद कश्मीर घाटी में अब कोई सक्रिय स्थानीय आतंकवादी नहीं बचा है। शाह ने कहा कि कश्मीर पुलिस ने लश्कर से जुड़े आखिरी ज्ञात सक्रिय स्थानीय आतंकवादी को मुठभेड़ में मार गिराया है। उनके मुताबिक, घाटी में अब जो भी आतंकवादी सक्रिय हैं, वे विदेशी हैं।
गृह मंत्री ने 1990 के दशक में कश्मीर में आतंकवाद के बढ़ते प्रभाव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस दौर में हालात इतने गंभीर थे कि भारत के कश्मीर पर नियंत्रण बनाए रखने को लेकर सवाल उठने लगे थे।शाह ने तत्कालीन मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला का उल्लेख करते हुए कहा कि जब वह इंग्लैंड चले गए थे, तब सुरक्षा बलों ने कश्मीर को देश के साथ बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई थी।अमित शाह का अरुणाचल प्रदेश दौरा ऐसे समय में हुआ है, जब राज्य में विकास कार्यों के साथ सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना भी अहम मुद्दा बना हुआ है।
यह भी पढ़ें: बिहार में PM मोदी ने 34,470 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का किया उद्घाटन,100 PM-eBuses को दिखाई हरी झंडी