टीएनपी न्यूज़
होम / बिजनेस
बिजनेस

 Amazon Layoffs: ग्रेट इंडियन फेस्टिवल के बीच अमेजन में फिर छंटनी, भारत समेत इन देशों में कर्मचारियों पर असर

Shivashakti Narayan Singh · 8 अक्टूबर 2026
अमेजन में फिर छंटनी

Amazon Layoffs 2026: भारत में अमेजन की बड़ी फेस्टिव सेल शुरू होने के साथ ही कंपनी में एक बार फिर छंटनी की खबर सामने आई है। अमेजन ने अमेरिका, भारत और ब्रिटेन में कर्मचारियों की नई कटौती की पुष्टि की है। ताजा दौर में 1,000 से कम व्हाइट-कॉलर कर्मचारियों के प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है। कंपनी के मुताबिक, यह बदलाव मुख्य रूप से उसके Stores बिजनेस में किया गया है, जो अमेजन के मुख्य ई-कॉमर्स कारोबार से जुड़ा है।

खास बात यह है कि भारत में यह छंटनी ऐसे समय हुई है, जब Amazon Great Indian Festival 2026 शुरू हो चुका है। सेल 8 अक्टूबर की आधी रात से सभी ग्राहकों के लिए लाइव हुई है।

किन टीमों पर पड़ा छंटनी का असर?

ताजा रिपोर्टों के मुताबिक, इस बार एक ही तरह की नौकरी या एक विभाग तक छंटनी सीमित नहीं है। कस्टमर सर्विस, सेलिंग पार्टनर सर्विस, मार्केटप्लेस सपोर्ट और रिटेल से जुड़े इंजीनियरिंग रोल भी इसकी चपेट में आए हैं।कर्मचारियों को आंतरिक कम्युनिकेशन के जरिए उनकी भूमिका खत्म होने की जानकारी दी गई। रिपोर्टों के अनुसार, कुछ कर्मचारियों ने कंपनी के इंटरनल Slack चैनलों पर भी इस बारे में जानकारी शेयर की।

कंपनी में बड़ा बदलाव 

Amazon ने ताजा कटौती को संगठन में बदलाव और कंपनी की मौजूदा प्राथमिकताओं के हिसाब से टीमों को व्यवस्थित करने का हिस्सा बताया है। कंपनी ने इसे बड़ी संख्या में कर्मचारियों की छंटनी के बजाय सीमित संख्या में भूमिकाओं में बदलाव के तौर पर पेश किया है।

पहले भी 30 हजार कॉरपोरेट नौकरियों पर चली थी कैंची

Amazon में यह छंटनी कोई अकेली घटना नहीं है। इससे पहले कंपनी ने 2025 के अंत से लेकर जनवरी 2026 तक करीब 30,000 कॉरपोरेट नौकरियों में कटौती की थी। उस बड़े पुनर्गठन के पीछे लागत कम करने, संगठन को सरल बनाने और कंपनी की प्राथमिकताओं के मुताबिक संसाधनों को दोबारा लगाने की रणनीति बताई गई थी। नई कटौती का पैमाना पहले के मुकाबले छोटा है, लेकिन इससे संकेत मिलता है कि कंपनी का संगठनात्मक बदलाव अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है।

AI पर बड़ा निवेश 

इस बीच Amazon आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर भी भारी निवेश कर रही है। कंपनी डेटा सेंटर, चिप्स और AI से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर पर बड़े स्तर पर खर्च की योजना बना रही है। रिपोर्टों के मुताबिक, AI से जुड़े क्षेत्रों में Amazon का निवेश करीब 220 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है।

भारत में निवेश जारी, फिर नौकरियां क्यों घट रही हैं?

Amazon की ताजा छंटनी को भारत से कंपनी के पीछे हटने के तौर पर देखना सही नहीं होगा। कंपनी ने हाल के महीनों में भारत में बड़े निवेश और विस्तार की योजनाएं भी जारी रखी हैं। मार्च 2026 में Amazon ने बेंगलुरु में अपना नया 1.1 मिलियन वर्ग फुट का ऑफिस कैंपस खोला था। कंपनी के मुताबिक, यह एशिया में उसके सबसे बड़े कार्यालयों में से एक है और यहां ई-कॉमर्स, ऑपरेशंस, पेमेंट्स, टेक्नोलॉजी और सेलर सर्विसेज से जुड़े 7,000 से ज्यादा कर्मचारियों के काम करने की क्षमता है।

Great Indian Festival में ग्राहकों को क्या मिल रहा है?

Amazon की Great Indian Festival 2026 सेल 8 अक्टूबर से सभी ग्राहकों के लिए शुरू हो चुकी है। कंपनी की ओर से स्मार्टफोन, इलेक्ट्रॉनिक्स, फैशन, होम अप्लायंसेज और दूसरी कैटेगरी में बड़े डिस्काउंट दिए जा रहे हैं। कई प्रोडक्ट्स पर 80 फीसदी तक की छूट का दावा किया गया है।यानी एक तरफ कंपनी भारत में फेस्टिव सेल, लॉजिस्टिक्स और टेक्नोलॉजी पर निवेश बढ़ा रही है, वहीं दूसरी तरफ कॉरपोरेट स्तर पर कुछ टीमों में नौकरियों में कटौती और पुनर्गठन जारी है।