टीएनपी न्यूज़
होम / मनोरंजन
मनोरंजन

Alia Bhatt Durga Puja: गुलाबी साड़ी में आलिया भट्ट ने लूटी महफिल, दुर्गा पूजा पंडाल में बंगाली अंदाज ने खींचा सबका ध्यान

Shivashakti Narayan Singh · 19 अक्टूबर 2026
गुलाबी साड़ी में आलिया भट्ट ने लूटी महफिल

Alia Bhatt Durga Puja: मुंबई में दुर्गा पूजा का उत्साह बॉलीवुड सितारों के बीच भी देखने को मिल रहा है। सोमवार को अभिनेत्री आलिया भट्ट नॉर्थ बॉम्बे सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति के पंडाल पहुंचीं। गुलाबी साड़ी में उनका पारंपरिक अंदाज लोगों का ध्यान खींचता नजर आया। पंडाल में मौजूद भक्तों के बीच पहुंचकर आलिया ने तस्वीरें खिंचवाईं और कुछ लोगों के साथ सेल्फी भी ली। आलिया सोमवार दोपहर फ्यूशिया पिंक रंग की साड़ी पहनकर पंडाल पहुंची थीं। उन्होंने साड़ी को पारंपरिक बंगाली तरीके से पहना था और इसके साथ नीले रंग का ब्लाउज पहना। बालों का जूड़ा बनाकर उसमें फूल लगाए गए थे, जिससे उनका लुक त्योहार के माहौल के मुताबिक नजर आया।

अयान मुखर्जी के साथ पंडाल पहुंचीं आलिया

फिल्ममेकर अयान मुखर्जी भी इस दौरान आलिया के साथ मौजूद थे। पंडाल में अभिनेत्री को देखकर कई भक्त उत्साहित हो गए। कुछ लोग उनके परिचित भी थे। आलिया ने उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं और खुशी से सेल्फी भी ली। दुर्गा पूजा के दौरान मुंबई के इस पंडाल में फिल्मी सितारों का आना हर साल चर्चा में रहता है। इस बार आलिया की मौजूदगी और उनका पारंपरिक लुक भी लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र रहा।

कुछ दिन पहले रणबीर कपूर ने मां दुर्गा के किए थे दर्शन

आलिया से कुछ दिन पहले उनके पति और अभिनेता रणबीर कपूर भी इसी पंडाल में पहुंचे थे। रणबीर लाल और सुनहरे रंग का कुर्ता तथा सफेद पायजामा पहने नजर आए थे। उन्होंने मां दुर्गा के दर्शन किए और वहां मौजूद फोटोग्राफरों के सामने तस्वीरें भी खिंचवाईं। इस दौरान रणबीर अपने पुराने दोस्त और फिल्ममेकर अयान मुखर्जी से भी मिले। अयान ने रणबीर के साथ फिल्म ‘ये जवानी है दीवानी’ में काम किया था।

रणबीर का ‘कबीरा’ गाते हुए वीडियो हुआ था वायरल

पंडाल से सामने आए वीडियो में रणबीर कपूर का एक अलग अंदाज भी देखने को मिला था। गायिका हर्षदीप कौर जब फिल्म ‘ये जवानी है दीवानी’ का गाना ‘कबीरा’ गा रही थीं, तब रणबीर भी मंच पर उनके साथ गाने लगे। उन्होंने हाथ में माइक लेकर गाने में साथ दिया और फिर माइक दर्शकों की ओर बढ़ाया, ताकि वे भी इसमें शामिल हो सकें। रणबीर का यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में रहा। अब दुर्गा पूजा पंडाल में आलिया की मौजूदगी ने भी लोगों का ध्यान खींचा है।

मां दुर्गा की आराधना का पर्व है दुर्गा पूजा

दुर्गा पूजा को दुर्गोत्सव और शारदोत्सव के नाम से भी जाना जाता है। यह पर्व देवी दुर्गा की महिषासुर पर विजय की याद में मनाया जाता है। मान्यता है कि इन दिनों देवी अपने भक्तों को आशीर्वाद देने के लिए धरती पर आती हैं। दुर्गा पूजा का समापन विजयादशमी यानी दशहरे के दिन होता है। यह दिन बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक माना जाता है।