'बिहार के ब्रैड पिट' रवि किशन से अक्षय कुमार ने सीखा वायरल डांस स्टेप, 'कॉफी विद करण 9' का प्रोमो जारी
Koffee With Karan 9: करण जौहर के चर्चित चैट शो 'कॉफी विद करण' के सीजन 9 में इस बार अक्षय कुमार और रवि किशन की जोड़ी नजर आने वाली है। शो के नए प्रोमो में दोनों कलाकारों के बीच मजेदार बातचीत, हंसी-मजाक और डांस का तड़का देखने को मिला है। सबसे ज्यादा चर्चा उस पल की हो रही है, जब अक्षय कुमार रवि किशन का वायरल हुक स्टेप सीखने की कोशिश करते नजर आए।
प्रोमो की शुरुआत करण जौहर के अंदाज में दोनों मेहमानों के परिचय से होती है। करण, अक्षय कुमार को 'पंजाबी बाय ब्लड' बताते हैं, जबकि रवि किशन का स्वागत 'बिहार का ब्रैड पिट' कहकर करते हैं। करण यह भी कहते हैं कि Gen Z के बीच रवि किशन को लेकर खास पसंद देखने को मिल रही है।
रवि किशन के डायलॉग से हुई एंट्री
शो में रवि किशन अपनी चर्चित लाइन 'जिंदगी झंडवा, फिर भी घमंडवा' बोलते हुए एंट्री लेते हैं। उनका यह अंदाज प्रोमो में भी देखने को मिलता है। इसके बाद बातचीत के दौरान अक्षय कुमार रवि के वायरल डांस स्टेप में दिलचस्पी दिखाते हैं। अक्षय की इच्छा पर दोनों कलाकार डांस फ्लोर पर पहुंच जाते हैं। यहां रवि किशन उन्हें अपना सिग्नेचर हुक स्टेप सिखाते हैं। अक्षय भी उनके साथ स्टेप करने की कोशिश करते हैं। इस दौरान करण जौहर दोनों की मस्ती का आनंद लेते दिखाई देते हैं। करण ने प्रोमो में यह भी बताया कि रवि किशन को शो में बुलाने का सुझाव खुद अक्षय कुमार ने दिया था। रवि किशन ने भी इस पहल के लिए अक्षय की तारीफ की।
सोशल मीडिया पर छाया हुआ है रवि किशन का हुक स्टेप
रवि किशन का डांस स्टेप सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय हो रहा है। कई यूजर्स और कंटेंट क्रिएटर्स इस स्टेप को दोहराते हुए वीडियो बना रहे हैं। उनके मजेदार डायलॉग और हाजिरजवाबी वाले अंदाज की क्लिप भी सोशल मीडिया पर चर्चा में रहती हैं। 'कॉफी विद करण 9' के इस एपिसोड में अक्षय और रवि की जोड़ी दर्शकों को कितना पसंद आती है, यह शो के प्रसारण के बाद पता चलेगा। फिलहाल प्रोमो में दोनों की केमिस्ट्री और डांस वाला हिस्सा दर्शकों का ध्यान खींच रहा है।
इस फिल्म में नजर आएंगे अक्षय कुमार
वर्कफ्रंट की बात करें तो अक्षय कुमार अगली बार एलियन थ्रिलर फिल्म 'समुक' में दिखाई देंगे। इस फिल्म का निर्देशन कनिष्क वर्मा कर रहे हैं। फिल्म के सह-निर्माता विपुल शाह और आशीन ए शाह हैं। वहीं 'कॉफी विद करण' का सीजन 9 हर बुधवार शाम 7 बजे JioHotstar पर स्ट्रीम होता है।
यह भी पढ़ें: रावण का महिमामंडन और प्रभु श्रीराम का अपमान! VHP ने की बैन की मांग, जानिए पूरा मामला