अखिलेश यादव का फेसबुक पेज दूसरी बार सस्पेंड, Meta ने नहीं बताई वजह
UP News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के फेसबुक पेज पर सोमवार शाम अचानक ताला लग गया। करीब 90 लाख फॉलोअर्स वाले इस पेज के निलंबित होने से पार्टी के सोशल मीडिया नेटवर्क में हलचल मच गई है। खास बात यह है कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों से जुड़े इस अकाउंट के बंद होने की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। न तो फेसबुक की मूल कंपनी मेटा और न ही मेटा इंडिया की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक जानकारी दी गई है।
अचानक बंद हुआ अखिलेश यादव का फेसबुक पेज
सोमवार शाम जब यूजर्स ने अखिलेश यादव का फेसबुक पेज खोलने की कोशिश की तो वह निलंबित मिला। इस पेज से लगभग 90 लाख लोग जुड़े हुए हैं। ऐसे में इसके अचानक बंद होने से पार्टी की डिजिटल पहुंच पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल यह भी साफ नहीं है कि फेसबुक ने पेज को निलंबित करने से पहले कोई चेतावनी दी थी या नहीं। सपा नेताओं का कहना है कि मामला तकनीकी कारणों से जुड़ा हो सकता है। पार्टी ने फेसबुक का संचालन करने वाली कंपनी मेटा से संपर्क किया है। नेताओं को उम्मीद है कि जल्द ही पेज दोबारा सक्रिय हो जाएगा।
पहले भी निलंबित हो चुका है अकाउंट
यह पहली बार नहीं है जब अखिलेश यादव का फेसबुक अकाउंट निलंबित हुआ है। इससे पहले 10 अक्टूबर 2025 को भी उनका अकाउंट बंद कर दिया गया था। हालांकि, अगले ही दिन सुबह मेटा ने इसे बहाल कर दिया था।
अब एक बार फिर पेज के निलंबित होने से कई सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल निलंबन की वजह सामने नहीं आई है और सभी की नजरें मेटा के आधिकारिक जवाब और पेज की बहाली पर टिकी हैं।
और पढ़ें: मध्य प्रदेश में 7 हजार करोड़ से ज्यादा के प्रस्ताव मंजूर, ओंकारेश्वर में बनेगा भव्य अद्वैत लोक