अखिलेश यादव का बड़ा चुनावी वादा, सरकार बनी तो फिर खुलेंगे बंद पड़े स्कूल; बुनकरों को भी देंगे बड़ी राहत
UP Assembly Elections 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की आहट के बीच सियासी बयानबाजी तेज होने लगी है। इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शिक्षा और बुनकर समुदाय को लेकर बड़े चुनावी वादे किए हैं। उन्होंने ऐलान किया कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर पिछले दस वर्षों में बंद किए गए स्कूलों को दोबारा खोला जाएगा। अखिलेश ने बीजेपी सरकार पर शिक्षा व्यवस्था की अनदेखी करने और समाजवादी सरकार के कार्यकाल में शुरू की गई योजनाओं को बर्बाद करने का आरोप लगाया।
रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने अभिनव विद्यालयों का जिक्र करते हुए कहा, ''इन स्कूलों की शुरुआत समाजवादी पार्टी की सरकार में मॉडल शिक्षण संस्थानों के तौर पर की गई थी। पहला स्कूल सैफई और लखनऊ में बनाया गया था, लेकिन मौजूदा सरकार के कार्यकाल में इनका विकास आगे नहीं बढ़ सका। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दस वर्षों में इन विद्यालयों की स्थिति खराब हुई है।''
अखिलेश यादव ने कहा, "ये बच्चे अभिनव स्कूल के हैं, जिसे समाजवादी पार्टी की सरकार में मॉडल स्कूल के रूप में बनाया गया था। पहला स्कूल सैफई और लखनऊ में बना था। समाजवादी सरकार के बाद स्कूल आगे नहीं बढ़ा, बल्कि उसे बदहाल होने दिया गया। दस साल की सरकार ने स्कूल को बर्बाद कर दिया।"
उन्होंने सैफई को लेकर राजनीतिक विरोध पर भी तंज कसा और कहा कि कुछ लोगों ने सैफई का विरोध करना अपनी आदत बना लिया है।
सरकार बनी तो बंद स्कूलों के खुलेंगे दरवाजे
सपा प्रमुख ने साफ कहा, "उनकी पार्टी की सरकार बनने पर बंद पड़े स्कूलों को फिर से शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा, "आज हमने बच्चों को एक स्कूल दिया है। जो स्कूल बंद कर दिए गए हैं, समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर उन्हें दोबारा खोला जाएगा।"
इस बयान के जरिए अखिलेश ने शिक्षा के मुद्दे को आगामी विधानसभा चुनाव की राजनीति से जोड़ने की कोशिश की है। उनका यह वादा उन परिवारों और बच्चों के लिए अहम माना जा सकता है, जिनकी शिक्षा सरकारी स्कूलों पर निर्भर है।
बुनकरों के लिए बिजली से लेकर मुफ्त इलाज तक का वादा
अखिलेश यादव ने बुनकर समुदाय को लेकर भी कई बड़े ऐलान किए। उन्होंने कहा, ''समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर बुनकरों को निश्चित दर पर बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा उनके उत्पादों की बिक्री के लिए बेहतर बाजार, कच्चे माल की उपलब्धता और अस्पतालों में मुफ्त इलाज की सुविधा दी जाएगी।"
उन्होंने कहा कि बुनकर प्रदेश की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उनकी आजीविका को सुरक्षित करना जरूरी है। अखिलेश के मुताबिक, बुनकरों को सिर्फ बिजली ही नहीं, बल्कि कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए बाजार और जरूरी संसाधन भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
2027 चुनाव से पहले सपा ने साधे दो बड़े मुद्दे
उत्तर प्रदेश में विधानसभा की 403 सीटों पर 2027 में चुनाव होने हैं। ऐसे में अखिलेश यादव के इन ऐलानों को चुनाव से पहले शिक्षा और बुनकर समुदाय के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। एक तरफ बंद स्कूलों को दोबारा खोलने का वादा है, तो दूसरी तरफ बुनकरों को आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी राहत देने की बात कही गई है।
अब देखना होगा कि शिक्षा और रोजगार से जुड़े ये मुद्दे आगामी चुनाव में कितना असर डालते हैं और बीजेपी सरकार इन आरोपों व वादों पर क्या जवाब देती है।
और पढ़ें: 'अग्निवीर योजना खत्म करेंगे...' यूपी चुनाव से पहले अखिलेश यादव का ऐलान; बीजेपी को लेकर कह दी बड़ी बात