टीएनपी न्यूज़
होम / राज्य
राज्य

अखिलेश यादव का BJP पर तंज, बोले- योगी को सत्ता से हटाओ, तभी युवाओं को मिलेगी नौकरी

Shivashakti Narayan Singh · 23 अक्टूबर 2026
अखिलेश यादव का BJP पर तंज,

Akhilesh Yadav latest statement: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बेरोजगारी, महंगाई और चुनावी गड़बड़ी के आरोपों को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश के युवाओं को नौकरी तभी मिलेगी, जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सत्ता से बाहर होंगे।

विपक्ष की ओर से 2027 के विधानसभा चुनाव में जीत की संभावनाओं को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा, “लोगों को नौकरी तभी मिलेगी, जब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को बेरोजगार कर दिया जाएगा। जब तक उन्हें बेरोजगार नहीं करेंगे, तब तक बीजेपी से नौकरी मिलने की उम्मीद छोड़ दीजिए।”

'सपा सपनों की नहीं, संघर्ष की राजनीति करती है'

बीजेपी और एनडीए की ओर से समाजवादी पार्टी की 2027 में जीत की संभावनाओं को सपना बताए जाने पर अखिलेश यादव ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी केवल सपने देखने में विश्वास नहीं करती, बल्कि हकीकत और संघर्ष के आधार पर आगे बढ़ती है। अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी पार्टी का लक्ष्य आगामी विधानसभा चुनाव में बीजेपी को हराना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी इसी उद्देश्य को ध्यान में रखकर अपनी तैयारी कर रही है।

एमएलसी चुनाव में गड़बड़ी के लगाए आरोप

सपा प्रमुख ने विधान परिषद की स्नातक और शिक्षक निर्वाचन सीटों पर हुए चुनाव को लेकर भी बीजेपी पर आरोप लगाए। उनका दावा है कि हार के डर से सत्ताधारी दल प्रशासन का इस्तेमाल कर रहा था और मतदान केंद्रों पर गड़बड़ी की कोशिश की गई। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि आगरा, फतेहपुर, इटावा, औरैया, मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद और नोएडा समेत कई जिलों में मतदाताओं को वोट डालने से रोकने की कोशिश हुई। उन्होंने दावा किया कि शिक्षकों और स्नातकों में सरकार के प्रति नाराजगी है और इसके बावजूद बीजेपी चुनाव हार जाएगी।

बेरोजगार युवाओं के भविष्य का मुद्दा उठाया

अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश के बेरोजगार युवा अपने भविष्य को लेकर उम्मीद लगाए बैठे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार युवाओं की आकांक्षाओं के रास्ते में बाधा बन रही है। सपा प्रमुख ने उम्मीद जताई कि अगले विधानसभा चुनाव के बाद युवाओं को नौकरी पाने और अपना भविष्य बनाने के बेहतर अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि अगर युवाओं के भविष्य को लेकर कोई संकट पैदा कर रहा है, तो वह बीजेपी है।

पेट्रोल-डीजल की कीमतों और इथेनॉल ब्लेंडिंग पर भी निशाना

अखिलेश यादव ने महंगाई और पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर भी प्रदेश सरकार और बीजेपी पर हमला बोला। उन्होंने पेट्रोल में इथेनॉल मिलाने की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि मोटरसाइकिल चलाने वालों को भी इस तरह के ईंधन का इस्तेमाल करना पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि फिलहाल 20 प्रतिशत इथेनॉल ब्लेंडिंग अनिवार्य की गई है और आगे इसे बढ़ाकर 40 प्रतिशत करने की स्थिति बन सकती है। 

27 अक्टूबर को होगी एमएलसी चुनाव की मतगणना

उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की स्नातक और शिक्षक निर्वाचन सीटों के लिए शुक्रवार को मतदान संपन्न हुआ। इनमें इलाहाबाद-झांसी मंडल स्नातक और गोरखपुर-फैजाबाद मंडल शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीटें शामिल हैं। मतगणना 27 अक्टूबर को निर्धारित है। एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में शाम 4 बजे तक 78.37 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वहीं, गोरखपुर जिले में मतदान प्रतिशत 79.01 रहा। इलाहाबाद-झांसी मंडल स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में प्रयागराज के 54 मतदान केंद्रों पर बने 152 बूथों पर वोट डाले गए। 

यह भी पढ़ें: चंदौली पुलिस लाइन की पांचवीं मंजिल से गिरकर मजदूर की मौत, सुरक्षा पर उठे सवाल; मुआवजे के लिए धरने पर बैठे सपा विधायक