'10 हजार का राशन नहीं, 30 हजार की नौकरी चाहिए...', आकाश आनंद ने BJP को घेरा
Saharanpur News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में सोमवार को बहुजन समाज पार्टी (BSP) प्रमुख मायावती के भतीजे आकाश आनंद ने जनसभा को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सपा को भाजपा की B-Team बताते हुए अखिलेश यादव की राजनीति पर सवाल उठाए। आकाश आनंद ने कहा कि अखिलेश यादव की राजनीति की दिशा तय नहीं है। कभी PDA में पंडितों की बात होती है तो कभी पिछड़ों की।
उन्होंने कहा कि सपा और भाजपा के बीच राजनीतिक रूप से कोई खास अंतर नहीं है। आकाश आनंद ने राज्यसभा सांसद परिमल नाथवानी के बेटे धनराज नाथवानी को टिकट दिए जाने का मुद्दा उठाते हुए सपा पर तंज कसा।
डबल इंजन सरकार ज्यादा तेल पीती है
आकाश आनंद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन सरकार है, इसलिए तेल ज्यादा पीती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और सपा दोनों की सरकारों में प्रदेश की जनता ने जंगलराज देखा है।
AI से नौकरियों पर खतरा, युवाओं के लिए क्या व्यवस्था?
आकाश आनंद ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते इस्तेमाल से नौकरियों पर पड़ने वाले असर का मुद्दा उठाया। उन्होंने सवाल किया कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार ने SC-ST और OBC समाज के युवाओं को AI की पढ़ाई और ट्रेनिंग देने के लिए क्या व्यवस्था की है? उन्होंने कहा कि तकनीक के बदलते दौर में युवाओं को रोजगार के लिए तैयार करना सरकार की जिम्मेदारी है।
10 हजार के मुफ्त राशन से बेहतर 30 हजार की नौकरी
बसपा नेता ने मुफ्त राशन योजना को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एक सरकारी चपरासी को भी महीने में कम से कम 30 हजार रुपये वेतन मिलता है। ऐसे में सरकार को लोगों को मुफ्त राशन पर निर्भर रखने के बजाय रोजगार के अवसर देने चाहिए। उन्होंने 10 हजार रुपये के राशन की बजाय 30 हजार रुपये की नौकरी को बेहतर बताया।
स्कूल बंद करने के फैसले पर भी उठाए सवाल
आकाश आनंद ने प्रदेश में स्कूलों के बंद होने और शिक्षकों की कमी का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि बेरोजगार युवाओं की बड़ी संख्या होने के बावजूद सरकार शिक्षकों की कमी का हवाला देकर स्कूल बंद कर रही है। इससे बहुजन समाज के बच्चों की शिक्षा और भविष्य प्रभावित हो रहा है।
हत्या के मामलों में यूपी को लेकर सरकार पर हमला
कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर आकाश आनंद ने योगी सरकार को घेरा। उन्होंने 'एनकाउंटर वाली सरकार' पर निशाना साधते हुए दावा किया कि हत्या के दर्ज मामलों में उत्तर प्रदेश देश में पहले नंबर पर है। उन्होंने कहा कि यह सरकार के कानून-व्यवस्था को लेकर किए जा रहे दावों पर सवाल खड़े करता है।
विज्ञापनों पर 7 हजार करोड़ खर्च करने का आरोप
आकाश आनंद ने सरकार के विज्ञापन खर्च को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि पिछले 10 वर्षों में 'विकसित और सुरक्षित उत्तर प्रदेश' के प्रचार पर जनता के टैक्स के 7 हजार करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए गए। उन्होंने कहा कि सरकार विज्ञापनों के जरिए अपनी नाकामियों को छिपाने की कोशिश कर रही है।
सहारनपुर की इस जनसभा में आकाश आनंद ने रोजगार, शिक्षा, कानून-व्यवस्था और सरकारी योजनाओं को लेकर भाजपा सरकार को निशाने पर लिया। साथ ही सपा की राजनीति पर सवाल उठाकर प्रदेश में तीसरे राजनीतिक विकल्प के रूप में बसपा की भूमिका को भी रेखांकित करने की कोशिश की।
और पढ़ें: 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ...' हैदराबाद में अमित शाह ने निकाली पदयात्रा, राहुल गांधी के बयान के बाद BJP का शक्ति प्रदर्शन