टीएनपी न्यूज़
होम / स्वास्थ्य
स्वास्थ्य

सावधान! सिर्फ फेफड़ों को नहीं, दिमाग को भी तबाह कर रही है ज़हरीली हवा

Geeta Sharma · 22 सितम्बर 2026
सिर्फ फेफड़ों को नहीं, दिमाग को भी तबाह कर रही है ज़हरीली हवा!

आमतौर पर आत्महत्या के पीछे पारिवारिक कलह, आर्थिक तंगी या मानसिक तनाव जैसी वजहों को जिम्मेदार माना जाता रहा है। लेकिन हाल ही में ब्रिटेन की क्वीन्स यूनिवर्सिटी बेलफास्ट के वैज्ञानिकों ने एक अध्ययन में चौंकाने वाला तथ्य सामने रखा है। इसके अनुसार, प्रदूषित हवा में सांस लेने वाले लोगों में खुदकुशी के विचार आने की आशंका काफी बढ़ जाती है। यह स्टडी 'जर्नल ऑफ एपिडेमियोलॉजी एंड कम्युनिटी हेल्थ' में प्रकाशित हुई है।

किस यूनिवर्सिटी और अध्ययन में क्या आया सामने?

ब्रिटेन की क्वीन्स यूनिवर्सिटी बेलफास्ट के शोधकर्ताओं ने दुनिया भर के करीब 29 प्रमुख शोधों का विश्लेषण किया। इस स्टडी में यूरोप, अमेरिका, दक्षिण कोरिया, चीन, ताइवान, जापान और कोलंबिया के डेटा को शामिल किया गया। जांच में पाया गया कि हवा के जहरीले कण फेफड़ों के साथ-साथ सीधे दिमाग पर हमला करते हैं।

बार-बार सिरदर्द क्यों होता है? इन कारणों को बिल्कुल नजरअंदाज न करें

कौन से प्रदूषक तत्व हैं सबसे ज्यादा खतरनाक?

सूक्ष्म कण के प्रदूषक तत्व दिमाग में सूजन और तनाव बढ़ाते हैं। इनके कम समय के संपर्क में आने से भी आत्महत्या से जुड़े विचारों में बढ़ोतरी देखी गई। साथ ही नाइट्रोजन डाइऑक्साइड के लंबे समय तक संपर्क में रहने से डिप्रेशन और आत्मघाती सोच बढ़ती है। इसके अलावा भारी धातुएं और अन्य कारक जैसे आर्सेनिक, लेड और लिथियम से दूषित पानी, सल्फर डाइऑक्साइड, ओजोन और ट्रैफिक का शोर भी मानसिक तनाव बढ़ाने में जिम्मेदार पाए गए हैं। 

युवाओं पर सबसे ज्यादा मंडरा रहा है खतरा

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, दुनिया भर में हर साल 7 लाख से अधिक लोग आत्महत्या करते हैं। 15 से 29 वर्ष के युवाओं में मौत की तीसरी सबसे बड़ी वजह खुदकुशी है। कर्टिन यूनिवर्सिटी के विशेषज्ञों का कहना है कि खराब हवा अब केवल दिल और फेफड़ों को ही नहीं, बल्कि समाज के मानसिक ताने-बाने को भी खोखला कर रही है। पर्यावरण सुरक्षा को प्राथमिकता देना अब बेहद जरूरी हो गया है।

Disclaimer: यह जानकारी रिसर्च स्टडीज पर आधारित है। इसे मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें।

ये भी पढ़ें: तोते को चढ़ा रील का भूत! खुद की वीडियो देख शुरू कर दिया डांस