टीएनपी न्यूज़
होम / राज्य
राज्य

हिरासत से रिहा होने के बाद आशुतोष ने हिमंत बिस्वा को दी चुनौती, कहा- कॉकरोचों ने अभी शुरुआत...

Toshi Shah · 28 सितम्बर 2026
Himanta Biswa Sarma CJP Protest

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता आशुतोष रांका ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा पर निशाना साधते हुए कहा है कि उनकी पार्टी की गतिविधियों की यह महज शुरुआत है। रांका रविवार, 27 सितंबर को गुवाहाटी पहुंचे थे, जहां उन्हें पार्टी की एक बैठक में शामिल होना था, हालांकि, बैठक से पहले ही पुलिस ने उन्हें और उनके साथ मौजूद कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

बैठक से पहले CJP कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने का दावा

जानकारी के मुताबिक, रांका समेत 40 से अधिक CJP कार्यकर्ताओं को चौधरी टीला इलाके में असम जातीय परिषद (AJP) के नेता कुंकी चौधरी के घर से पुलिस ने हिरासत में लिया। इसके बाद सभी को काहिलीपाड़ा स्थित असम पुलिस की 10वीं बटालियन के मुख्यालय ले जाया गया। बाद में रांका और अन्य कार्यकर्ताओं को रिहा कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों की ओर से इस कार्रवाई को लेकर तत्काल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया।

रिहाई के बाद रांका का सरमा पर निशाना

रिहाई के बाद रांका ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा की। इसमें उन्होंने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को संबोधित करते हुए लिखा, “असम के कॉकरोचों ने अभी सिर्फ शुरुआत की है।” पोस्ट के साथ उन्होंने अपनी एक तस्वीर भी लगाई, जिसमें वह कुछ लोगों के साथ भोजन करते दिखाई दे रहे हैं।

Himanta Biswa Sarma,

Cockroaches of Assam are just getting started! pic.twitter.com/VFFUfQOsSq

— Ashutosh Ranka (@AshutoshRanka) September 27, 2026

अभिजीत दीपके ने भी दी प्रतिक्रिया

CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने भी रांका की हिरासत को लेकर सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी, उन्होंने कहा कि वह भी अगले दिन पुलिस स्टेशन में होने वाले प्रदर्शन में रांका के साथ शामिल होने वाले थे।

ये भी पढ़ें- ग्रीस की राजधानी में दर्दनाक हादसा, प्लाका में धमाके के बाद 6 लोगों की मौत

रांका ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल

रिहाई के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आशुतोष रांका ने पुलिस की कार्रवाई को गलत बताया, उनका आरोप था कि उन्हें और उनकी टीम को बिना स्पष्ट कारण बताए हिरासत में लिया गया। रांका के मुताबिक, उन्होंने पुलिसकर्मियों से हिरासत का आधार जानने की कोशिश की, लेकिन उन्हें बताया गया कि पुलिस को इसकी जानकारी नहीं है और उन्हें ऊपर से मिले निर्देशों के आधार पर कार्रवाई करनी पड़ी। हालांकि, इस आरोप पर पुलिस की ओर से अभी विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।