बेंगलुरु में SIR के खिलाफ CJP के प्रदर्शन में शामिल हुए अभिनेता प्रकाश राज
बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में गुरुवार 8, अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) द्वारा मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के खिलाफ आयोजित "जनता न्यायालय" और विरोध प्रदर्शन में अभिनेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश राज शामिल हुए। इस कार्यक्रम में CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके, प्रवक्ता सौरव दास, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में युवा भी मौजूद रहे।
प्रदर्शन का उद्देश्य SIR प्रक्रिया के दौरान गड़बड़ी
प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य SIR प्रक्रिया के दौरान कथित रूप से मतदाता सूची से हटाए गए लोगों की शिकायतों को सामने लाना था। आयोजकों ने दावा किया कि कई योग्य मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं, जिससे उनके लोकतांत्रिक अधिकार प्रभावित हुए हैं। इस मुद्दे पर प्रभावित लोगों की गवाही भी कार्यक्रम में प्रस्तुत की गई।
प्रदर्शन के दौरान प्रकाश राज ने CEC पर साधा निशाना
प्रदर्शन के दौरान प्रकाश राज ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी निशाना साधा और SIR प्रक्रिया को तत्काल रद्द करने की मांग की। वहीं CJP नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रिया में अनियमितताएं हुई हैं और मतदाता सूची से नाम हटाने के मामलों की स्वतंत्र जांच होनी चाहिए।
जीवित लोगों को मृत दिखाकर नाम हटाया
इस बीच कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियंक खड़गे ने भी भाजपा नेताओं पर फर्जी फॉर्म-7 दाखिल कर जीवित लोगों को मृत दिखाकर मतदाता सूची से नाम हटवाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में कई शिकायतें दर्ज कराई जा रही हैं और मामले की जांच होनी चाहिए।
CJP की घोषणा 10 अक्टूबर को नई दिल्ली में प्रदर्शन
CJP ने घोषणा की है कि चुनाव और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर 10 अक्टूबर को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर भी एक बड़ा युवा प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। संगठन का कहना है कि वह कथित "वोट चोरी", चुनावी पारदर्शिता और मतदाता अधिकारों के मुद्दे उठाता रहेगा।