पूर्व बैटर ने बताई चेन्नई सुपर किंग्स की सबसे बड़ी कमजोरी, इन खिलाड़ियों को खरीदना होगा जरूरी!
Abhinav Mukund on CSK: इंडियन प्रीमियर लीग 2027 के मिनी ऑक्शन में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए सबसे बड़ा सिरदर्द अपनी बॉलिंग अटैक को मजबूत करना होगा, क्योंकि येलो आर्मी ने आगामी सीजन से पूर्व आकाश मधवाल, मैट हेनरी और ऑस्ट्रेलियाई लेफ्ट आर्म पेसर स्पेंसर जॉनसन को रिलीज कर दिया है।
वहीं, भारत के पूर्व बल्लेबाज का भी मानना है कि सीएसके के लिए सबसे बड़ी चिंता उनका बॉलिंग विभाग रहने वाला है। चलिए आपको बताते हैं कि इस पूर्व खिलाड़ी ने सीएसके की बॉलिंग लाइन-अप को लेकर क्या राय रखी है।
ऑक्शन में करेंगे बॉलिंग मजबूत- पूर्व बैटर
भारत के पूर्व बैटर अभिनव मुकुंद का मानना है कि चेन्नई सुपर किंग्स ऑक्शन में अपनी बॉलिंग को मजबूत करना चाहेगी। उन्होंने कहा, "सीएसके एक भारतीय स्पिनर की तलाश में है, उनकी बॉलिंग कमजोर दिखती है, लेकिन उनके पास बैट्समैन हैं। अगर कोई टीम किसी बॉलर को ट्रेड करना चाहती है, तो सीएसके बदले में एक बैटर दे सकती है और मुझे पक्का यकीन है कि वे ऑक्शन में अपनी बॉलिंग को और मजबूत करेंगे।"
भले ही मुकुंद का मानना है कि येलो आर्मी को एक इंडियन स्पिनर की जरूरत है, लेकिन उनकी तेज गेंदबाजी भी अधिक मजबूत नजर नहीं आ रही है, और खलील अहमद के जाने के बाद इसमें भारी गिरावट आई है।
प्रशांत वीर ने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया- अभिनव
अभिनव मुकुंद ने कहा कि प्रशांत वीर का प्रदर्शन इस सीजन टीम के लिए अच्छा नहीं रहा और यही कारण था कि येलो आर्मी ने उनको रिलीज कर दिया। हालांकि, अभिनव का यह भी कहा है कि उनको पर्याप्त अवसर नहीं मिले। मुकुंद ने कहा, "युवाओं पर दांव लगाना CSK के लिए फायदेमंद नहीं रहा। प्रशांत वीर को 14.2 करोड़ रुपये में खरीदा गया था और उन्होंने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया, हालांकि आप उन्हें ज़्यादा दोष नहीं दे सकते क्योंकि उन्हें मुश्किल से ही बॉलिंग करने का मौका मिला। उन्हें रिलीज़ कर दिया गया है, इसलिए पैसा आया है। कार्तिक शर्मा, दूसरे 14 करोड़ में खरीदे गए खिलाड़ी, ने कुछ मैच जिताने वाली पारियां खेलीं और उन्हें रिटेन किया गया है।"
सीएसके में बैटर्स की भरमार- अभिनव
पूर्व बैटर का कहना है कि फ्रेंचाइजी के पास मौजूदा शीर्ष क्रम में काफी ऑप्शन हैं और उन सभी को एक ही प्लेइंग इलेवन में शामिल करना एक बड़ी चुनौती होगी। मुकुंद ने कहा,
"लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स के पास अभी भी भारतीय टॉप-ऑर्डर बैट्समैन की भरमार है। वे ऋतुराज गायकवाड़, संजू सैमसन, आयुष म्हात्रे, डेवाल्ड ब्रेविस, कार्तिक शर्मा, उर्विल पटेल और सरफराज खान को एक प्लेइंग इलेवन में फिट नहीं कर सकते।"
हालांकि, टीम के पास लियाम लिविंगस्टोन का ऑप्शन भी आ गया है। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि उनको कहां पर येलो आर्मी मौका देती है।
ये भी पढ़ें- IPL 2027 मिनी ऑक्शन में शामिल नहीं होंगे महेंद्र सिंह धोनी! पूर्व ऑलराउंडर ने किया बड़ा खुलासा