टीएनपी न्यूज़
होम / राज्य
राज्य

'मोदी की औकात नहीं...' कोच्चि में अभिजीत दीपके के बयान से मचा सियासी बवाल, ट्रंप से समझौते पर उठाए सवाल

Shailesh Yadav · 7 नवम्बर 2026
कोच्चि में अभिजीत दीपके के बयान से मचा सियासी बवाल

Kochi News: केरल के कोच्चि में आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ आयोजित 'जंतर-मंतर एट कोच्चि' प्रदर्शन में दीपके ने भारत-अमेरिका संबंधों, रूस से तेल खरीद और युवाओं के विरोध प्रदर्शन को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। इस दौरान उनके एक बयान ने राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज कर दी। उन्होंने कहा, 'नरेंद्र मोदी की औकात नहीं है गांधी, अंबेडकर और नेहरू से बड़ा बनने की।'

'ट्रंप के सामने किसने झुकाया देश का सिर?'
अभिजीत दीपके ने प्रधानमंत्री मोदी पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सामने भारत के हितों से समझौता करने का आरोप लगाया। उन्होंने रूस से तेल खरीद रोकने की कथित सहमति और भारतीय उत्पादों पर 18 प्रतिशत टैरिफ का मुद्दा उठाया। साथ ही उन्होंने अमेरिका के उत्पादों पर शून्य प्रतिशत टैरिफ की कथित व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा।

दीपके ने कहा कि CJP पर विदेशी ताकतों के इशारे पर देश को अस्थिर करने के आरोप लगाए जा रहे हैं, लेकिन सरकार को पहले यह बताना चाहिए कि ट्रंप के सामने भारत के हितों से समझौता किसने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि देश को बेचने का काम विपक्ष या उनकी पार्टी ने नहीं, बल्कि सरकार ने किया है।

गांधी, अंबेडकर और नेहरू का नाम लेकर PM मोदी को घेरा
अपने भाषण में दीपके ने महात्मा गांधी, डॉ. भीमराव अंबेडकर और पंडित जवाहरलाल नेहरू का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री मोदी पर व्यक्तिगत और वैचारिक हमला किया। उन्होंने गांधी को भारत की आत्मा, अंबेडकर को देश की रीढ़ और नेहरू को भारत का दिमाग बताया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी 120 साल तक भी सत्ता में रहें, तब भी इन महान नेताओं के योगदान से बड़ा मुकाम हासिल नहीं कर सकते। दीपके ने प्रधानमंत्री से जुड़े वैचारिक संगठन पर भी स्वतंत्रता संग्राम के दौरान अंग्रेजों का साथ देने के आरोप लगाए।

SIR के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले युवाओं पर भी उठाए सवाल
दीपके ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ आवाज उठाने वाले युवाओं को लेकर सरकार की प्रतिक्रिया पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका और प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनके संबंधों को लेकर सवाल किया।

उन्होंने आरोप लगाया कि जब युवा अपने अधिकारों के लिए सड़कों पर उतरते हैं तो उन्हें पाकिस्तान समर्थित, अमेरिका समर्थित या अमेरिकी कारोबारी जॉर्ज सोरोस से फंडिंग पाने वाला बताकर निशाना बनाया जाता है।

बच्चों को लेकर भी PM मोदी पर की व्यक्तिगत टिप्पणी
प्रदर्शन के दौरान दीपके ने प्रधानमंत्री मोदी के परिवार को लेकर भी विवादित टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि अगर प्रधानमंत्री के अपने बच्चे होते तो उन्हें देश के बच्चों और युवाओं की परेशानियों का एहसास होता। उनके इस बयान ने राजनीतिक बहस को और तीखा कर दिया।

गौरतलब है कि दीपके ने बताया कि वह स्थानीय आयोजकों और अभिनेता-कार्यकर्ता प्रकाश राज के आमंत्रण पर कोच्चि पहुंचे थे। यहां उन्होंने CJP के SIR विरोधी प्रदर्शन में हिस्सा लिया। उनके पूरे भाषण में चुनावी प्रक्रिया, केंद्र सरकार की विदेश नीति और युवाओं के लोकतांत्रिक अधिकार प्रमुख मुद्दे रहे। \

और पढ़ें: Delhi Building Collapse: चावड़ी बाजार हादसे ने उजाड़े 6 परिवार, मलबे से निकले सभी शव; 3 ठेकेदार गिरफ्तार