7-Series जैसा रुतबा, 669KM की रेंज; BMW i5 LWB हुई लॉन्च
प्रीमियम और लग्जरी कारों के लिए मशहूर जर्मन कंपनी BMW ने भारतीय बाजार में अपनी नई इलेक्ट्रिक सेडान BMW i5 LWB लॉन्च कर दी है। कंपनी ने इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 79.6 लाख रुपये तय की है। खास बात यह है कि लॉन्ग-व्हीलबेस वाली यह इलेक्ट्रिक कार आकार और सड़क पर मौजूदगी के मामले में BMW की बड़ी 7-Series सेडान जैसा प्रभाव देती है। शानदार डिजाइन, लंबी ड्राइविंग रेंज और प्रीमियम फीचर्स के साथ i5 LWB उन ग्राहकों को आकर्षित कर सकती है जो पेट्रोल या डीजल से हटकर लग्जरी इलेक्ट्रिक कार का विकल्प तलाश रहे हैं।
बड़े आकार के साथ प्रीमियम डिजाइन
BMW i5 LWB का सबसे बड़ा आकर्षण इसका आकार है। कार की लंबाई 5,175mm है, जबकि इसका व्हीलबेस 3,105mm तक फैला हुआ है। इसका मतलब है कि कार में यात्रियों, खासकर पीछे बैठने वालों के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध है। इसका आकार सामान्य 5-Series सेडान के मुकाबले ज्यादा प्रभावशाली नजर आता है और सड़क पर इसकी मौजूदगी बड़ी 7-Series जैसी महसूस होती है।
जानें डिजाइन के बारे में
डिजाइन की बात करें तो इसमें BMW की पहचान वाली इल्यूमिनेटेड किडनी ग्रिल, 20-इंच के अलॉय व्हील और आकर्षक LED हेडलैंप दिए गए हैं। इसका लंबा और स्लीक प्रोफाइल इसे प्रीमियम लुक देता है, जबकि लॉन्ग-व्हीलबेस डिजाइन कार की शाही अपील को और बढ़ाता है।
एक चार्ज में 669KM तक की रेंज
परफॉर्मेंस के लिहाज से भी BMW i5 LWB काफी प्रभावशाली है। इसमें 81.6kWh क्षमता का बैटरी पैक लगाया गया है। कंपनी के मुताबिक WLTP टेस्टिंग के आधार पर यह इलेक्ट्रिक सेडान एक बार फुल चार्ज होने पर 669 किलोमीटर तक चल सकती है। कार में रियर-माउंटेड इलेक्ट्रिक मोटर दी गई है, जो 268 hp की अधिकतम पावर और 410 Nm का टॉर्क पैदा करती है।
दमदार परफॉर्मेंस के साथ आरामदायक अनुभव
इलेक्ट्रिक मोटर की वजह से पावर डिलीवरी बेहद स्मूथ रहती है और कार तेज एक्सीलरेशन के साथ शांत ड्राइविंग अनुभव देती है। इसकी सस्पेंशन और राइड क्वालिटी भी प्रीमियम सेगमेंट के अनुरूप है, जिससे खराब सड़कों पर सफर अपेक्षाकृत आरामदायक बना रहता है।
टेक्नोलॉजी से भरपूर लग्जरी केबिन
BMW i5 LWB के अंदर कदम रखते ही इसका हाई-टेक केबिन ध्यान खींचता है। डैशबोर्ड पर 14.9-इंच का बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है, जिसके जरिए कार के कई फंक्शंस को कंट्रोल किया जा सकता है। इसके अलावा यात्रियों के मनोरंजन के लिए 17-स्पीकर वाला Bowers & Wilkins ऑडियो सिस्टम मौजूद है। कार में 4-जोन क्लाइमेट कंट्रोल और प्रीमियम एम्बिएंट लाइटिंग जैसे फीचर्स भी मिलते हैं।
पीछे बैठने वालों के लिए ज्यादा स्पेस
लॉन्ग-व्हीलबेस का फायदा रियर सीट यात्रियों को खास तौर पर मिलता है, जहां लेगरूम काफी ज्यादा है।कार की ग्लास रूफ और रात के समय दिखाई देने वाली पैटर्न वाली लाइटिंग केबिन के माहौल को और प्रीमियम बनाने में मदद करती है। कुल मिलाकर इसका इंटीरियर टेक्नोलॉजी और लग्जरी का अच्छा संयोजन पेश करता है।
लग्जरी EV बाजार में मजबूत दावेदारी
BMW i5 LWB की कीमत, आकार, रेंज और फीचर्स को देखते हुए कंपनी ने इसे भारतीय लग्जरी इलेक्ट्रिक कार बाजार में एक मजबूत विकल्प के तौर पर पेश किया है। इलेक्ट्रिक पावरट्रेन का एक फायदा यह भी है कि पारंपरिक पेट्रोल-डीजल कारों की तुलना में इसकी रोजाना की रनिंग कॉस्ट कम हो सकती है।
ये भी पढ़ें- नई Toyota Glanza Facelift की लॉन्च डेट आई सामने! नए इंजन और ADAS समेत मिलेंगे ये बड़े अपडेट
कीमत और लग्जरी का शानदार कॉम्बिनेशन
इसके अलावा इलेक्ट्रिक मोटर से मिलने वाली लगभग साइलेंट और वाइब्रेशन-फ्री ड्राइविंग प्रीमियम कार के अनुभव को और बेहतर बनाती है। हालांकि, पीछे बैठने वाले यात्रियों के लिए कुछ अतिरिक्त सुविधाओं की कमी महसूस हो सकती है, लेकिन कीमत और कार के आकार को देखते हुए BMW i5 LWB लग्जरी EV खरीदारों के लिए आकर्षक पैकेज बनकर सामने आती है।