राज्य
26/11 मुंबई आतंकी हमले की 18वीं बरसी, शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे CM फडणवीस
Ajit Kumar Singh · 26 नवम्बर 2026
26/11 attack 18th anniversary
मुंबई: मुंबई में 26 नवंबर 2008 को हुए आतंकी हमलों की आज 18वीं बरसी मनाई जा रही है। इस मौके पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस गुरुवार को मुंबई पुलिस आयुक्त कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां वे शहीद पुलिसकर्मियों और सुरक्षाकर्मियों को श्रद्धांजलि देंगे।इसके साथ ही इस कार्यक्रम में पुलिस की ओर से औपचारिक परेड भी आयोजित की जाएगी। इस परेड में 2008 के मुंबई आतंकी हमलों में मारे गए सुरक्षाकर्मियों और आम लोगों को श्रद्धांजलि दी जाएगी।
CM फडणवीस 26/11 की 18वीं बरसी में होंगे शामिल
दरअसल, 26 नवंबर 2008 की रात पाकिस्तान से समुद्री रास्ते के जरिए आए लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकियों ने मुंबई में कई जगहों पर एक साथ हमला किया था। आतंकियों ने ताज होटल, ओबेरॉय ट्राइडेंट, छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, नरीमन हाउस और लियोपोल्ड कैफे समेत कई प्रमुख स्थानों को निशाना बनाया था।करीब 60 घंटे तक चले इस आतंकी हमले में 166 लोगों की जान चली गई थी, जबकि 300 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। इस दौरान मुंबई पुलिस और सुरक्षा बलों ने आतंकियों का मुकाबला किया। इस ऑपरेशन में कई बहादुर जवानों ने अपनी जान गंवाई।
18 साल बाद भी आतंकी हमला देश की स्मृतियों में दर्ज
इस हमले को आज 18 साल हो गए हैं। लेकन, 18 साल बाद भी 26/11 का आतंकी हमला देश की स्मृतियों में दर्ज है । इसे लेकर आज पूरा देश आतंकी हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों और देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए जवानों को याद कर रहा है। यह दिन उन निर्दोष नागरिकों और वीर जवानों के बलिदान को याद करने का अवसर है, जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अपनी जान कुर्बान कर दी थी।
ये भी पढ़ें- 'भारत में अवैध रूप से घुसने के आरोप में 12 बांग्लादेशी गिरफ्तार', पुलिस ने जब्त किए फर्जी दस्तावेज